घर में डोसा बनाने की बात आते ही अक्सर लोग सोचते हैं कि इसके लिए दाल और चावल को कई घंटों तक भिगोना पड़ेगा और फिर उसे पीसकर बैटर तैयार करना होगा. यही वजह है कि कई लोग इसे घर पर बनाने से बचते हैं. लेकिन अगर आप चाहें तो बिना दाल-चावल भिगोए सिर्फ 15 मिनट में ही बाजार जैसा क्रिस्पी डोसा तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बस सूजी, थोड़ा आटा, बेसन और दही की जरूरत होगी. चलिए जानते हैं बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा कुरकुरा डोसा बनाने का सीक्रेट.
सूजी से बनाएं झटपट डोसा बैटर
सबसे पहले एक कप सूजी लें और इसे मिक्सर जार में डाल दें. अब इसमें थोड़ा सा गेहूं का आटा और थोड़ा बेसन मिला दें. स्वाद को बैलेंस करने के लिए इसमें एक चुटकी चीनी भी डालें.
इन सभी चीजों को बिना पानी डाले अच्छी तरह पीस लें, ताकि सूजी का टेक्सचर थोड़ा फाइन हो जाए. पीसने के बाद इस मिश्रण में लगभग आधा कप दही मिलाएं. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर तैयार करें और उसे अच्छे से फेंट लें, ताकि उसमें कोई गाठें न रहें.
बैटर तैयार होने के बाद इसे लगभग 5 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए रख दें. ध्यान रखें कि इसे ज्यादा देर तक रेस्ट न करें, क्योंकि इससे डोसा उतना क्रिस्पी नहीं बनेगा.
हल्के मसालों में तैयार करें आलू का मसाला
डोसे के साथ जो आलू का मसाला मिलता है, वही उसके स्वाद को और खास बनाता है. इसे बनाने के लिए एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद इसमें राई डालें. इसके साथ थोड़ा चना दाल और करी पत्ता भी डाल दें.
अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद स्वादानुसार नमक और लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह रोस्ट करें. अब इसमें हल्दी और थोड़ा गरम मसाला डालें. आखिर में हल्का खट्टापन देने के लिए थोड़ा आमचूर पाउडर मिलाएं.
जब मसाले अच्छी तरह भुन जाएं, तब इसमें उबले हुए आलू को मैश करके डाल दें. इसे मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि आलू में पूरा स्वाद आ जाए. आपका डोसे के लिए मसाला तैयार है.
तवे पर ऐसे बनाएं कुरकुरा डोसा
अब डोसा बनाने के लिए एक नॉन-स्टिक या लोहे का तवा गैस पर गर्म करें. तवा गर्म होने के बाद उसमें थोड़ा तेल लगाकर ग्रीस कर लें. इसके बाद तवे पर हल्का सा पानी छिड़कें, ताकि तापमान बैलेंस हो जाए.
अब एक करछी बैटर तवे पर डालें और उसे गोल घुमाते हुए पतला फैलाएं. बैटर फैलाने के बाद उसके ऊपर थोड़ा घी डाल दें. अब इसे धीमी आंच पर ढककर पकने दें. कुछ ही मिनट में डोसा नीचे से सुनहरा और कुरकुरा हो जाएगा.
जब डोसा क्रिस्पी हो जाए, तब उसके बीच में तैयार आलू का मसाला रखें और उसे रोल कर लें. इस तरह आपका झटपट मसाला डोसा तैयार हो जाएगा.
घर पर ही मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद
इस आसान रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती और बहुत कम समय में स्वादिष्ट डोसा बन जाता है. अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का और टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी एक अच्छा विकल्प हो सकती है.
ये भी पढ़ें