गर्मियों में खाने की थाली दही के बिना अधूरी लगती है. लेकिन कई बार हम रात में दही जमाना भूल जाते हैं. जिसके बाद कई मजबूरन बाजार से दही लाना पड़ता है. लेकिन उसमें घर के दही जैसा स्वाद नहीं होता. ऐसे में अब चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि एक आसान और झटपट तरीके से आप इंस्टेंट दही जमा सकते हैं. इस तरीके से आप केवल 15–20 मिनट में गाढ़ा और टेस्टी दही जमा सकते हैं. यह ट्रिक प्रेशर कुकर की मदद से की जाती है, जिससे दही को सही टेंपरेचर और स्टीम मिलती है और वह जल्दी सेट हो जाता है.
इस इंस्टेंट दही के लिए आपको आधा लीटर फुल क्रीम दूध, दो चम्मच ताजा जामन, एक छोटा मिट्टी या स्टील का बर्तन, प्रेशर कुकर और एल्युमिनियम फॉयल की जरूरत होगी.
दूध तैयार करने का तरीका है अहम
सबसे पहले दूध को एक पैन में डालकर अच्छी तरह उबाल लें. इसे 5–6 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि एक्सट्रा पानी कम हो जाए. इससे दही ज्यादा गाढ़ा बनता है. उबालने के बाद दूध को हल्का गुनगुना होने दें. ध्यान रखें कि दूध इतना गरम हो कि आप उसमें उंगली डाल सकें, लेकिन वह ज्यादा गरम न हो.
जामन लगाने के तरीके में छिपा जादू
अब एक कटोरी में दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गांठें न रहें. मिट्टी के बर्तन की अंदरूनी सतह पर इस जामन को उंगली से अच्छी तरह लगा दें. यह तरीका दही को हर तरफ से जमने में मदद करता है और टेक्सचर बेहतर बनाता है.
सील करने से दही जमेगा ए-वन
अब इस बर्तन में गुनगुना दूध धीरे-धीरे डालें. इसके बाद एल्युमिनियम फॉयल से बर्तन को अच्छी तरह ढक दें और एक रबर बैंड की मदद से टाइट कर दें. इससे अंदर की गर्मी बनी रहती है, जो दही जमाने के लिए बेहद जरूरी होती है.
कुकर में स्टीम से तैयार होगा दही
प्रेशर कुकर में लगभग एक इंच तक पानी डालकर गरम करें. जब भाप बनने लगे, तो दही वाला बर्तन ध्यान से अंदर रखें. कुकर का ढक्कन बंद करें लेकिन सीटी हटा दें. धीमी आंच पर 15–20 मिनट तक इसे स्टीम दें.
समय पूरा होने के बाद गैस बंद करें और कुकर को ठंडा होने दें. बर्तन निकालते ही आपका दही अच्छी तरह जम चुका है. इसे थोड़ी देर फ्रिज में रखें ताकि यह ठंडा और ज्यादा अच्छे से जम जाए.