Advertisement

कचौड़ी वाले आलू की सब्जी चाहते हैं बनाना, इस रेसिपी को फॉलो करके बनाएं हूबहू बाजार जैसी

आज हम आपको कचौड़ी के साथ मिलने वाली टेस्टी बाजार जैसी आलू की सब्जी बनाना सिखाने जा रहे हैं. इसको आप अब आसानी से घर पर बना सकते हैं. इसको बनाने में थोड़ी मेहनत लग सकती है, लेकिन जब आप इसे खाएंगे तो सारी मेहनत साकार लगेगी.

कचौड़ी वाले आलू की सब्जी
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:44 PM IST

कचौड़ी के साथ खाए जाने वाली आलू की सब्जी दिखने में भले ही बहुत साधारण लगे, लेकिन इसका स्वाद एकदम माउथ मेल्टिं होता है. इसमें प्याज-लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता, फिर भी इसका खट्टापन, दिए हुए तड़के की खुशबू और इसमें डाले हुए मसालों की मात्रा इसे बेहद खास बनाती है. इसमें आलू को फोड़ कर डालते हैं, जिससे इस सब्जी में गाढ़ापन आता है और कचौड़ी के साथ खाने में आपको मजा आता है. एक बार बनाएंगे तो बार-बार बनाने का मन करेगा. 

आज हम इसे आपको घर पर बनाना सिखाएंगे, जिससे ये हूबहू बाजार जैसी बनेगी. न केवल देखने में बल्कि खाने में भी इसका स्वाद काफी लजीज होता है. 

कचौड़ी की सब्जी बनाने का सामान 

  • उबले हुए आलू - 6 
  • बारीक कटे टमाटर - 2 
  • कटी हुई हरी मिर्च - 2
  • बारीक कटा अदरक - 1 इंच
  • तेल - 3 बड़े चम्मच
  • पानी - लगभग 2 कप
  • सूखे मसाले
  • जीरा - 1 छोटा चम्मच
  • हींग - एक चुटकी
  • हल्दी - आधा छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 बड़ा चम्मच
  • काला नमक - आधा छोटा चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • अमचूर - आधा छोटा चम्मच
  • गरम मसाला - आधा छोटा चम्मच
  • कसूरी मेथी - 1 छोटा चम्मच 
  • राई - आधा छोटा चम्मच तड़के के लिए 
  • साबुत लाल मिर्च - 2 तड़के के लिए 
  • थोड़ा-सा लाल मिर्च पाउडर तड़के के लिए 

आलू की सब्जी बनाने का तरीका
उबले हुए आलू को हाथ से तोड़ें. बहुत बारीक न करें. यही टूटे हुए आलू बाद में सब्जी को गाढ़ा बनाएंगे, ठीक वैसी जैसी बाजार में मिलती है.

मसालों का बेस तैयार करें
एक कढ़ाई में तेल गरम करें. जीरा डालें और चटकने दें. अब एक चुटकी हींग और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर 20 से 25 सेकंड भूनें. टमाटर और हरी मिर्च डालकर उन्हें तब तक पकाएं जब तक टमाटर एकदम मुलायम न हो जाएं. 

अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और काला नमक डाल कर भुनें. जब मसाले तेल छोड़ने लगे, तब समझें कि मसाला तैयार हो गया है. अब तोड़े हुए उबले आलू को मसाले में डालें. 2-3 मिनट धीमी आंच पर आलू मसाले के साथ भुनें.

इसके बाद पानी डालें. फिर ऊपर से अमचूर, नमक और कसूरी मेथी डाल कर अच्छे से मिलाएं. इस सब को ढककर 10 मिनट धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सब्जी तले में चिपके नहीं.

इस तरह दें तड़का
एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें राई डालें, जब राई चटक जाए तो साबुत लाल मिर्च डालें. थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर डाल कर गैस बंद कर दें.
इस तड़के को गर्म-गर्म सब्ज़ी पर डालें.

इस तरह परोस सकते हैं
एक कटोरी लें. उसमें कचौड़ी को अच्छे से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ कर डालें. फिर उसपर सब्जी को डालें. ऊपर से चाहें तो बारीक कटे प्याज, धनिया, नींबू और चाट मसाला डाल कर खा सकते हैं. इससे कचौड़ी सब्जी का स्वाद और बढ़ जाता है. 

 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement