अगर हर दिन शाम को कुछ चटपटा और टेस्टी खाने का मन करता है, लेकिन समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए, तो मशहूर शेफ कुणाल कपूर की यह स्पेशल पनीर टिक्का रोल रेसिपी आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. सॉफ्ट पनीर, मसालों की शानदार खुशबू और क्रिस्पी पराठे का कॉम्बिनेशन इस डिश को इतना लाजवाब बना देता है कि इसे एक बार बनाने के बाद आप बार-बार ट्राई करना चाहेंगे. तो बिना देरी किए आपको इसकी रेसिपी के बारे में बताते हैं.
डबल मैरिनेशन से मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा टेस्ट
पनीर टिक्का रोल बनाने की शुरुआत सबसे पहले पनीर के क्यूब्स को हल्के मसालों के साथ मैरिनेट करने से होती है. इसके लिए पनीर में नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला डालकर अच्छे से मिक्स करें और 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें. यह पहला मैरिनेशन पनीर में बेसिक फ्लेवर भर देता है, जिससे इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.
अब दूसरे मैरिनेशन की तैयारी करें. इसके लिए एक बड़े बाउल में सरसों का तेल, बारीक कटी हरी मिर्च और हल्दी डालें. इसके बाद इसमें गाढ़ी दही, स्वादानुसार नमक, गरम मसाला, ताजा कटा धनिया, अदरक-लहसुन का पेस्ट और नींबू का रस मिलाकर स्मूद मिक्सचर तैयार करें. यह मसालेदार मैरिनेशन पनीर टिक्का को रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देता है.
करें पनीर को ग्रिल
मैरिनेट किए गए पनीर के साथ-साथ कटी हुई शिमला मिर्च और प्याज को अच्छी तरह कोट करें. इसे लगभग 15 से 20 मिनट के लिए रख दें ताकि सभी मसाले अच्छे से समा जाएं. इसके बाद एक तवा या ग्रिल पैन गर्म करें, थोड़ा सा तेल डालें और मैरिनेटेड पनीर व सब्जियों को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और ग्रिल्ड होने तक सेक लें.
ऐसे करें रोल को असेंबल
रोल तैयार करने के लिए एक पैन में थोड़ा घी डालकर पराठे को दोनों तरफ से क्रिस्पी और गोल्डन होने तक सेंक लें. इसके बाद पराठे पर पुदीना चटनी फैलाएं, ऊपर से मसाला प्याज, ग्रिल्ड पनीर टिक्का और सब्जियां रखें. अब इसे सावधानी से रोल करते हुए टाइट लपेट लें.
इस सर्विंग से मिलेगा स्ट्रीट फूड का टेस्ट
तैयार पनीर टिक्का रोल को गरमागरम सर्व करें. ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और ताजा धनिया डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है. यह रोल न सिर्फ जल्दी बनता है, बल्कि हर बाइट में आपको स्ट्रीट फूड जैसा मजेदार अनुभव देता है.