Marigold Plant Care Tips: गेंदे का फूल पूजा-पाठ, त्योहार और घर की सजावट में खूब इस्तेमाल किया जाता है. पीले और नारंगी रंग के गेंदे के फूल न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि इन्हें उगाना भी काफी आसान है. यदि आप बालकनी, छत, आंगन या गार्डन में फूलों से हरियाली बढ़ाना चाहते हैं तो गेंदा का फूल एक अच्छा विकल्प हो सकता है. थोड़ी सी देखभाल और सही तरीके से इसको लगाने पर गेंदे के पौधे में लंबे समय तक अच्छी फ्लावरिंग मिल सकती है.
गेंदे के पौधा का लगाने का सही समय
गेंदे के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मौसम का ध्यान रखना जरूरी है. अक्टूबर-नवंबर और फरवरी-मार्च का समय इसे लगाने के लिए अनुकूल माना जाता है. हालांकि, मौसम और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय में थोड़ा बदलाव हो सकता है. सही समय पर बीज लगाने से कुछ ही दिनों में पौधे निकलने लगते हैं.
8 से 10 इंच का गमला रहेगा पर्याप्त
गेंदे को लगाने के लिए सामान्य तौर पर 8 से 10 इंच का गमला पर्याप्त रहता है. बड़े पौधे के लिए 12 से 14 इंच का गमला लिया जा सकता है. गमले के नीचे पानी निकासी के लिए छेद जरूर होने चाहिए. मिट्टी ऐसी रखें जिसमें पानी जमा न हो. बगीचे की मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट, कोकोपीट और मोटी रेत मिलाकर हल्की और भुरभुरी मिट्टी तैयार की जा सकती है.
बीज से पौधा तैयार करने का तरीका
गेंदा बीज या पौधे, दोनों से लगाया जा सकता है. बीज को हल्की मिट्टी में डालकर ऊपर से बहुत पतली परत डालें और पानी का स्प्रे करें. शुरुआत में पौधे को तेज सीधी धूप के बजाय रोशनी वाली जगह पर रखें. सामान्य तौर पर 4 से 10 दिनों में अंकुर निकल सकते हैं. जब पौध करीब 4 से 6 इंच की हो जाए तो इसे बड़े गमले में लगाया जा सकता है.
6 से 8 घंटे धूप और जरूरत के मुताबिक पानी
भरपूर फूलों के लिए गेंदे को रोज करीब 6 से 8 घंटे धूप मिलना फायदेमंद रहता है. कम रोशनी में फूल कम या छोटे हो सकते हैं. वहीं, जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं. मिट्टी की ऊपरी परत सूखने लगे तभी पानी दें. सर्दियों में पानी की जरूरत अपेक्षाकृत कम रहती है.
फूल बढ़ाने के लिए करें डेड हेडिंग
गेंदे में ज्यादा फूल पाने के लिए मुरझाए फूलों को समय-समय पर तोड़कर हटा दें. इस प्रक्रिया को डेड हेडिंग कहा जाता है. इससे पौधे की ऊर्जा नई कलियों और शाखाओं को विकसित करने में लगती है. शुरुआती दौर में पौधा छोटा हो तो कुछ कलियां हटाने से भी पौधा अधिक घना बन सकता है.
15-20 दिन में दें जैविक खाद
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए करीब 15-20 दिन के अंतराल पर वर्मी कंपोस्ट या जैविक खाद दी जा सकती है. फूलों के विकास के लिए पोटाश युक्त खाद भी उपयोगी हो सकती है. खाद डालने से पहले मिट्टी की नमी और पौधे की स्थिति का ध्यान रखें. समय-समय पर मिट्टी की हल्की गुड़ाई करने से जड़ों को भी बेहतर वातावरण मिलता है.
मौसम के हिसाब से बदलें देखभाल
गर्मी बढ़ने पर तेज धूप से पौधे को जरूरत के अनुसार बचाएं, जबकि फूल आने के मौसम में पर्याप्त धूप और संतुलित खाद दें. सूखी पत्तियां और मुरझाए फूल हटाते रहें. सही गमला, अच्छी जल निकासी, पर्याप्त धूप और नियमित देखभाल के साथ घर की छोटी सी बालकनी में भी गेंदे का पौधा खूब फूल दे सकता है.