गर्मियों के मौसम में खाने के साथ अगर ठंडा और टेस्टी रायता मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. आमतौर पर लोग खीरा, बूंदी या लौकी का रायता बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और हटकर ट्राई करना चाहते हैं, तो राजस्थानी स्टाइल चीला रायता आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि इसमें प्रोटीन और न्यूट्रिशन भी भरपूर होता है. यह खास रेसिपी काफी आसान है, जिसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं.
चीला रायता बनाने के लिए जरूरी इंग्रीडिएंट्स
इस डिश को तैयार करने के लिए आपको पनीर, बेसन, चावल का आटा, हरी मिर्च, अदरक, थोड़ा पानी और स्वादानुसार नमक चाहिए. वहीं दही के मिक्सचर के लिए ग्रीक योगर्ट, पानी, नमक और भुना हुआ जीरा पाउडर इस्तेमाल किया जाता है. तड़के के लिए तेल, सरसों के बीज और करी पत्ते की जरूरत होती है, जो इस रायते के स्वाद को और भी खास बना देते हैं.
ऐसे तैयार करें टेस्टी चीला
चीला बनाने के लिए सबसे पहले मिक्सर जार में पनीर, बेसन, चावल का आटा, हरी मिर्च, अदरक, पानी और नमक डालकर एक स्मूद और गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. अब तवा गरम करें और उस पर हल्का तेल लगाकर बैटर डालें. इसे धीरे-धीरे फैलाकर चीला बनाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें.
रायता तैयार करने की आसान तरीका
एक बर्तन में ग्रीक योगर्ट लें और उसमें थोड़ा पानी, नमक और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें. इसके बाद तैयार चीले को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और इन्हें दही के मिश्रण में डाल दें.
तड़के से बढ़ाएं स्वाद
रायते का स्वाद और भी बढ़ाने के लिए एक पैन में तेल गरम करें और उसमें सरसों के बीज डालकर चटकने दें. फिर इसमें करी पत्ते डालें और इस तड़के को रायते के ऊपर डाल दें. आखिर में हरा धनिया डालकर सजाएं. इस तरह आपका टेस्टी और हेल्दी राजस्थानी चीला रायता तैयार है. इसे आप गर्मियों में लंच या डिनर के साथ सर्व कर सकते हैं और अपने खाने को और भी खास बना सकते हैं.