किचन में अदरक-लहसुन का पेस्ट लगभग हर सब्जी और ग्रेवी की जान माना जाता है. रोज-रोज इसे छीलना और पीसना समय लेने वाला काम होता है, इसलिए कई लोग एक बार में ज्यादा पेस्ट बनाकर फ्रिज में रख देते हैं. लेकिन कुछ ही दिनों में यह पेस्ट काला पड़ने लगता है, ऊपर से पानी छोड़ देता है और इसकी खुशबू भी कम हो जाती है. ऐसे में कुछ आसान स्टोरेज टिप्स अपनाकर आप इसे लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं.
पेस्ट काला क्यों पड़ जाता है?
अदरक और लहसुन में मौजूद प्राकृतिक एंजाइम हवा के संपर्क में आते ही ऑक्सीडाइज होने लगते हैं. यही वजह है कि पेस्ट का रंग धीरे-धीरे बदलने लगता है. अगर इसे नमी वाले चम्मच से निकाला जाए या सही तापमान पर स्टोर न किया जाए तो इसके जल्दी खराब होने की संभावना भी बढ़ जाती है.
पेस्ट बनाते समय मिलाएं 1 चम्मच तेल
अगर आप चाहते हैं कि अदरक-लहसुन का पेस्ट ज्यादा दिनों तक फ्रेश रहे, तो इसे पीसते समय इसमें 1 से 2 चम्मच रिफाइंड ऑयल या सरसों का तेल मिला सकते हैं. तेल पेस्ट के ऊपर एक हल्की परत बनाता है, जिससे हवा का संपर्क कम होता है और ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है. इससे पेस्ट का रंग और स्वाद लंबे समय तक बेहतर बना रहता है.
एयरटाइट कांच के जार में करें स्टोर
पेस्ट को हमेशा साफ और सूखे कांच के एयरटाइट जार में स्टोर करें. प्लास्टिक के डिब्बों की तुलना में कांच के कंटेनर में स्वाद और खुशबू बेहतर बनी रहती है. जार में पेस्ट भरने के बाद ढक्कन अच्छी तरह बंद करें, ताकि अंदर हवा न जा सके.
गीला चम्मच इस्तेमाल करने से बचें
अक्सर लोग खाना बनाते समय सीधे गीले या इस्तेमाल किए हुए चम्मच से पेस्ट निकाल लेते हैं. इससे जार में नमी और बैक्टीरिया पहुंच जाते हैं, जो पेस्ट को जल्दी खराब कर सकते हैं. इसलिए हर बार साफ और सूखे चम्मच का ही इस्तेमाल करें.
फ्रिज और फ्रीजर में कितने दिन तक रहेगा?
अगर पेस्ट को सही तरीके से बनाकर एयरटाइट जार में फ्रिज के अंदर रखा जाए, तो यह सामान्य तौर पर 2 से 3 सप्ताह तक अच्छी स्थिति में रह सकता है. वहीं अगर ज्यादा मात्रा में पेस्ट बनाया है, तो उसे छोटे-छोटे हिस्सों में आइस ट्रे में भरकर फ्रीजर में रख सकते हैं. जरूरत पड़ने पर एक-एक क्यूब निकालकर इस्तेमाल करना आसान रहता है और बाकी पेस्ट बार-बार बाहर निकालने की जरूरत नहीं पड़ती.
इन बातों का भी रखें ध्यान
पेस्ट बनाते समय अदरक और लहसुन को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें.
पीसते समय जरूरत से ज्यादा पानी न मिलाएं. कम नमी वाला पेस्ट ज्यादा समय तक सुरक्षित रहता है.
जार को हमेशा फ्रिज के अंदर रखें, बार-बार बाहर निकालकर लंबे समय तक कमरे के तापमान पर न छोड़ें.
अगर पेस्ट से खट्टी गंध आने लगे, फफूंदी दिखाई दे या रंग और स्वाद में ज्यादा बदलाव महसूस हो, तो उसका इस्तेमाल न करें.
ये भी पढ़ें