गर्मी में फ्रिज में रखी सब्जियां भी सूखने लगती हैं. धनिया के साथ तो और दिक्कत होती है क्योंकि सुबह का खरीदा धनिया शाम होते-होते मुरझा जाता है. कई बार पत्तियां काली पड़ने लगती हैं या उनमें बदबू आने लगती है. ऐसे में अगर आप ये कुछ छोटे-छोटे किचन टिप्स अपना लें तो धनिया को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं. खास बात यह है कि इन तरीकों में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और धनिया कई दिनों तक हरा-भरा बना रहता है.
सबसे पहले सही तरीके से करें सफाई
जब भी बाजार से हरा धनिया लाएं, उसे सीधे फ्रिज में रखने की गलती न करें. सबसे पहले उसकी जड़ों और खराब पत्तियों को अलग कर लें. अगर उसमें मिट्टी लगी हो तो हल्के पानी से धो लें. हालांकि ध्यान रखें कि धोने के बाद उसे पूरी तरह सुखाना बहुत जरूरी है.
गीला धनिया जल्दी सड़ने लगता है. इसलिए इसे सूखे कपड़े या किचन टॉवल से हल्के हाथों से अच्छी तरह पोंछ लें. चाहें तो कुछ देर पंखे के नीचे भी फैला सकते हैं ताकि अतिरिक्त नमी निकल जाए. इसके बाद ही स्टोर करें.
टिशू पेपर में लपेटकर रखें
हरा धनिया स्टोर करने का सबसे आसान तरीका है टिशू पेपर का इस्तेमाल. इसके लिए सूखे धनिया को टिशू पेपर या पेपर नैपकिन में हल्के से लपेट दें. इसके बाद इसे किसी डिब्बे या पॉलीबैग में रखकर फ्रिज में स्टोर करें.
टिशू पेपर अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे धनिया जल्दी गलता नहीं है. इस तरीके से धनिया करीब एक हफ्ते तक फ्रेश बना रह सकता है. ध्यान रखें कि अगर टिशू ज्यादा गीला हो जाए तो उसे बदल दें.
एयरटाइट बैग में रखें
अगर आपके घर में एयरटाइट जिप लॉक बैग है तो उसमें भी धनिया लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है. सबसे पहले धनिया को पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद उसे एयरटाइट बैग में डालें और बैग के अंदर की अतिरिक्त हवा निकाल दें.
अब इसे फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में रख दें. हवा कम रहने से नमी कंट्रोल रहती है और पत्तियां जल्दी खराब नहीं होतीं. इस तरीके से धनिया 8 से 10 दिन तक अच्छा बना रह सकता है.
सूती कपड़े में लपेटना भी फायदेमंद
पुराने समय में लोग सब्जियों को सूती कपड़े में लपेटकर रखते थे. यह तरीका आज भी काफी कारगर माना जाता है. धनिया को हल्के सूती कपड़े में लपेटकर फ्रिज में रखने से उसमें सही मात्रा में नमी बनी रहती है.
ध्यान रखें कि कपड़ा बहुत गीला नहीं होना चाहिए. हल्का सूखा या थोड़ा नम कपड़ा बेहतर रहता है. इससे पत्तियां सूखती भी नहीं हैं और उनमें ताजगी बनी रहती है.
बिना फ्रिज के ऐसे करें स्टोर
अगर आपके पास फ्रिज नहीं है, तब भी धनिया को कुछ दिनों तक ताजा रखा जा सकता है. इसके लिए धनिया की जड़ों को थोड़ा ट्रिम करें और उसे किसी गिलास या बर्तन में पानी भरकर खड़ा कर दें. बिल्कुल वैसे जैसे फूलों को पानी में रखते हैं.
ध्यान रखें कि पानी सिर्फ जड़ों तक रहे, पत्तियां पानी में न डूबें. इसके बाद ऊपर से हल्का ढीला पॉलीबैग डाल सकते हैं. इसे ठंडी जगह पर रखें. इससे धनिया 2 से 3 दिन तक फ्रेश बना रह सकता है.
ये भी पढ़ें: