Vegetables Storing Tips: गर्मियों का मौसम आते ही रसोई में सबसे बड़ी परेशानी सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रखना बन जाती है. तेज गर्मी और नमी के कारण हरी सब्जियां जल्दी मुरझाने लगती हैं या खराब हो जाती हैं. कई बार लोग बाजार से ताजी सब्जियां खरीदकर लाते हैं, लेकिन एक-दो दिन के भीतर ही उनकी ताजगी खत्म होने लगती है. इससे न सिर्फ सब्जियां खराब होती हैं बल्कि पैसे और समय दोनों की बर्बादी भी होती है. हालांकि अगर सब्जियों को सही तरीके से स्टोर किया जाए तो उनकी फ्रेशनेस कई दिनों तक बरकरार रखी जा सकती है. कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाकर आप सब्जियों को ज्यादा समय तक ताजा रख सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे.
हरी पत्तेदार सब्जियों को फ्रेश रखने का सही तरीका
पालक, मेथी, धनिया और अन्य हरी पत्तेदार सब्जियां सबसे जल्दी मुरझा जाती हैं. इन्हें लंबे समय तक ताजा रखने के लिए सबसे पहले इन्हें धोकर स्टोर करने की गलती न करें. बेहतर है कि इन्हें बिना धोए कॉटन या सूती कपड़े में हल्के से लपेटकर फ्रिज में रखें. सूती कपड़ा अतिरिक्त नमी को सोख लेता है और हवा भी अंदर-बाहर होती रहती है, जिससे सब्जियां जल्दी खराब नहीं होतीं. जब इन्हें पकाना हो तभी धोकर इस्तेमाल करें.
स्प्राउट्स को ऐसे करें स्टोर
स्प्राउट्स यानी अंकुरित दालों को सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी होता है. इन्हें प्लास्टिक के डिब्बे की जगह कांच के जार या ग्लास कंटेनर में रखना ज्यादा बेहतर माना जाता है. जार के नीचे कॉटन या सूती कपड़े की पतली परत बिछा दें. यह अतिरिक्त नमी को सोख लेता है और नीचे पानी जमा नहीं होने देता. इससे स्प्राउट्स ज्यादा समय तक ताजे बने रहते हैं और जल्दी खराब नहीं होते.
सलाद की सब्जियों के लिए अपनाएं यह तरीका
सलाद में इस्तेमाल होने वाली सब्जियां जैसे टमाटर, पत्ता गोभी, लेट्यूस और शिमला मिर्च को सही तरीके से स्टोर करना भी जरूरी है. इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करना सबसे अच्छा तरीका माना जाता है. इससे सब्जियों की नमी बनी रहती है और वे जल्दी मुरझाती नहीं हैं. साथ ही उनका स्वाद और कुरकुरापन भी लंबे समय तक बरकरार रहता है.
नींबू को लंबे समय तक ताजा रखने का आसान तरीका
गर्मियों में नींबू का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है, लेकिन ज्यादा दिनों तक रखने पर यह सूखने या खराब होने लगता है. नींबू को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए उन पर हल्का सा तेल लगा दें और फिर एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करें. इस तरीके से नींबू पर दाग नहीं पड़ते और उनका स्वाद भी लंबे समय तक फ्रेश बना रहता है.
ये भी पढ़ें: