Rose Plant: गुलाब के पौधों पर खिले-खिले फूल देखने में बहुत ही सुंदर लगते हैं. गुलाब के फूलों की खुशबू से पूरा घर वातावरण खुशनुमा बना रहता है. गर्मी के मौसम में गुलाब के पौधों की विशेष देखभाल करने की जरूरत होती है. घर के आंगन, बालकनी और गार्डन में लगाए गुलाब के पौधे तेज धूप, लू और पानी की कमी के कारण जल्दी मुरझाने लगते हैं. यदि आपका गुलाब का पौधा भी बार-बार सूख जा रहा है तो परेशान न हों. हम आपको कुछ ऐसे उपाय बता रहे हैं, जिन्हें आजमाने पर गर्मी में भी न मुरझाएगा न सूखेगा गुलाब का पौधा. पौधे पर खूब आएंगे गुलाब के फूल.
गुलाब के पौधों में सही तरीके से दें पानी
गर्मी के मौसम में गुलाब के पौधे मुरझाएं और सूखें नहीं इसके लिए सबसे अहम है सही तरीके से पानी देना. गुलाब के पौधों में सुबह 7 बजे से पहले और शाम में पानी देना सबसे अच्छा होता है. इस समय तापमान कम होता है, जिससे पौधे पानी को बेहतर तरीके से सोख पाते हैं. गुलाब के पौधों में पानी देते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि गमले में पानी जमा ना हो. यदि ऐसा होगा तो गुलाब के पौधों की जड़ें सड़ सकती हैं. गुलाब के पौधों को गर्मी में लगाने के लिए गमले का चुनाव भी अहम हो जाता है. मिट्टी के गमले प्लास्टिक की तुलना में बेहतर माने जाते हैं, क्योंकि वे गर्मी को कम अवशोषित करते हैं और जड़ों को ठंडक देते हैं.
गुलाब के पौधों को तेज धूप से बचाएं
गर्मी के मौसम में सूर्य की तेज धूप से गुलाब के पौधों को बचाना जरूरी होता है. यदि आपने बालकनी में गुलाब के पौधे लगाए हैं और वहां सीधी धूप पड़ती है तो शेड नेट, पतले पर्दे या किसी जालीदार कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे गुलाब के पौधों को जरूरी धूप मिलती रहेगी और वे झुलसने से भी बच जाएंगे.
मिट्टी और खाद
गुलाब के पौधों को लगाते समय मिट्टी की गुणवत्ता का ध्यान रखें. अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी का इस्तेमाल करें, जिसमें पानी आसानी से निकल सके. मिट्टी में कोकोपीट, रेत और वर्मी कम्पोस्ट मिलाने से पौधों की जड़ों को पर्याप्त हवा और पोषण मिलता है. इससे वे मजबूत बने रहते हैं. गर्मी के मौसम में गुलाब के पौधों में खाद डालते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि कहीं खाद ज्यादा न पड़ जाए. आपको मालूम हो गर्मी के मौसम में अधिक खाद देने से पौधे मुरझा सकते हैं. आप महीने में एक-दो बार हल्की मात्रा में जैविक खाद या तरल खाद दे सकते हैं. सरसों की खली गुलाब के पौधे की जड़ों में डाल सकते हैं.
सूखी और पीली पत्तियों छंटाई
गुलाब के पौधों की सूखी और पीली पत्तियों की समय-समय पर कटाई-छंटाई करते रहना चाहिए. ऐसा करने से पौधे की ऊर्जा नई कोंपलों और फूलों के विकास में लगती है. आप गुलाब को पौधों को कीटों से बचाव के लिए नीम के तेल का स्प्रे कर सकते हैं.