Advertisement

भतीजे की शादी में 'विलेन' बने सगे चाचा, न्योता न मिलने पर वेल्डिंग मशीन से घर का दरवाजा ही करवा दिया सील

जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोग तरह तरह के कमेंट करने लगे. कई लोगों ने लिखा- शादी में फूफा और जीजा का नाराज होना तो सुना था, लेकिन चाचा का 'वेल्डिंग अवतार' पहली बार देखा है.

house gate sealed: AI Image
gnttv.com
  • जालौन ,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:50 AM IST

शादियों के दौरान रूठने-मनाने के किस्से तो आम हैं, लेकिन जालौन जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक चाचा ने भतीजे द्वारा शादी का निमंत्रण न दिए जाने का बदला इस कदर लिया कि दूल्हा-दुल्हन को घर में घुसने के लिए पुलिस बुलानी पड़ गई.

सोशल मीडिया पर लोग ले रहे मजे
जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोग तरह तरह के कमेंट करने लगे. कई लोगों ने लिखा- शादी में फूफा और जीजा का नाराज होना तो सुना था, लेकिन चाचा का 'वेल्डिंग अवतार' पहली बार देखा है.

भतीजे ने चाचा को अपनी शादी में नहीं बुलाया
​मामला जालौन कोतवाली क्षेत्र के नगर इलाके का है. यहां के एक युवक की शादी थी और बारात धूमधाम से घर से निकली थी. बताया जा रहा है कि पारिवारिक अनबन या किसी रंजिश के चलते भतीजे ने अपने सगे चाचा को शादी का कार्ड नहीं दिया था. यही 'अनदेखी' चाचा को इतनी चुभ गई कि उन्होंने बदले की एक अनोखी पटकथा लिख डाली.

चाचा ने सील करवाया दरवाजा
जब दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ 'गृह प्रवेश' के अरमान लिए घर वापस लौटा, तो नजारा देख बारातियों के पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के गेट पर भारी-भरकम ताला लटका था. चाचा ने केवल ताला ही नहीं लगाया, बल्कि बाकायदा वेल्डिंग मशीन बुलवाकर दरवाजे के चारों कोनों को सील करवा दिया था.

पुलिस के आने के बाद हो पाया गृह प्रवेश
​दुल्हन दरवाजे पर खड़ी रही और घर के अंदर घुसने का कोई रास्ता नहीं बचा. आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंचा. मौके पर पहुंची जालौन कोतवाली पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और वेल्डिंग काटने वाले मिस्त्री को बुलाकर दरवाजा खुलवाया. घंटों की मशक्कत और हंगामे के बाद आखिरकार पुलिस के साये में दुल्हन का गृह प्रवेश कराया जा सका. पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद का है. फिलहाल दरवाजा खुलवा दिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

-मोहम्मद अलीम सिद्दीकी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement