Advertisement

'पट्टीदार देखी जरता' पर देवरानी बना रही थी रील, जेठानी को लगा-ताना मार रही है, विवाद के बाद जमकर हुई मारपीट

छोटी गोतनी ने भोजपुरी गीत 'पट्टीदार देखी जरता' गाने पर रील्स बना रही थी, तभी उसकी गोतनी ने उसके साथ मारपीट कर दी.

clashed over making Reels
चंदन कुमार कश्यप
  • गढ़वा,
  • 23 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:49 PM IST
  • रील में पट्टीदार शब्द सुन भड़की गोतनी
  • रील बनाने को लेकर दो गोतनी भिड़ीं

आजकल हर कोई सोशल मीडिया पर रील बनाकर व्यूज और लाइक्स बटोरना चाहता है. लेकिन झारखंड के गढ़वा में एक भोजपुरी गाने पर रील बनाना दो महिलाओं के बीच विवाद की वजह बन गया. मामला इतना बढ़ा कि दोनों गोतनी यानी देवरानी-जेठानी आपस में भिड़ गईं. मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.

भोजपुरी गाने पर बना रही थी रील
मामला गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र के निमिया टोला गांव का है. यहां रमाला देवी, पति रवि चौधरी, भोजपुरी के चर्चित गाने 'पट्टीदार देखी जरता' पर रील वीडियो बना रही थीं. इसी दौरान उनकी गोतनी ने रील को लेकर आपत्ति जताई.

बताया जा रहा है कि रील में इस्तेमाल किए गए गाने के बोल में पट्टीदार शब्द आने की वजह से गोतनी को लगा कि वीडियो के जरिए उसे ही निशाना बनाया जा रहा है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

कहासुनी के बाद मारपीट
परिजनों के मुताबिक, कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई. रमाला देवी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी गोतनी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश भी की. मारपीट में रमाला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

पट्टीदार शब्द पर हुआ विवाद
विवाद की मुख्य वजह भोजपुरी गाने के बोल बताए जा रहे हैं. आरोपी गोतनी का कहना है कि रील में पट्टीदार कहकर उसे ही निशाना बनाया जा रहा था. इसी बात को लेकर उसने आपत्ति जताई थी. वहीं, रमाला देवी के परिजनों का कहना है कि वह सिर्फ भोजपुरी गाने पर रील बना रही थीं और उनका किसी को निशाना बनाने का इरादा नहीं था.

दोनों परिवारों में समझौते की कोशिश
घटना के बाद गांव में दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश चल रही है. वहीं, पीड़ित पक्ष की ओर से डंडा थाने में शिकायत करने की तैयारी की जा रही है. इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी शिकायत दर्ज होने के बाद सामने आएगी. सोशल मीडिया पर कुछ मिनट की रील से शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और अस्पताल तक पहुंच गया है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement