पति के घर पहुंची पत्नी तो दूसरी महिला के साथ मिला युवक...पूछने पर बोला- आजकल दो-तीन शादियां करना आम बात है

कपिल शर्मा की एक फिल्म आई थी किस किसको प्यार करू जिसमे एक पति होता है और उसके तीन तीन बीबियां होती है, खैर यह तो फिल्म थी लेकिन झारखण्ड गढ़वा जिले मे यह फ़िल्मी सीन हकीकत में उतरी है जहां एक युवक एक नहीं बल्कि तीन -तीन शादियां की है.

Man marries three women
gnttv.com
  • गढ़वा ,
  • 16 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:20 PM IST
  • 2 दिन ससुराल रखा फिर छोड़कर भाग गया
  • दो-तीन शादी करना आजकल आम बात है...

झारखंड के गढ़वा जिले में शादी और धोखे का एक मामला चर्चा में है. यहां एक 22 साल की युवती अपने परिजनों के साथ उस युवक के घर पहुंच गई, जिसे वह अपना पति बता रही है. युवती का आरोप है कि हिंदू रीति-रिवाज से शादी होने के बावजूद उसे पत्नी का अधिकार नहीं मिला. वहीं, युवक ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि आजकल दो-तीन शादी करना आम बात हो गई है.

मंदिर में शादी की फिर छोड़कर भागा पति
पीड़िता सबिता कुमारी गढ़वा थाना क्षेत्र के टंडवा गांव की रहने वाली है. उसका कहना है कि अप्रैल 2025 में धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव निवासी अर्जुन कुशवाहा से श्री बंशीधर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई थी. शादी में दोनों परिवारों के लोग भी शामिल थे. सबिता के मुताबिक, शादी के बाद उसे सिर्फ दो दिन ससुराल में रखा गया. इसके बाद अर्जुन उसे अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गया. वहां एक सप्ताह साथ रखने के बाद मायके छोड़ने की बात कहकर पलामू जिले के रेहला में छोड़कर फरार हो गया.

बाद में खुला दो और शादियों का राज
सबिता का कहना है कि किसी तरह वह अपनी नानी के घर पहुंची. बाद में उसकी सास उससे मिलने आती रही और कहती थी कि अर्जुन की दूसरी शादी से जुड़ा मामला चल रहा है. केस खत्म होने के बाद उसे घर ले जाया जाएगा. इसी दौरान उसे पता चला कि अर्जुन पहले भी दो शादियां कर चुका है. यह जानकर उसे बड़ा झटका लगा. इसी बीच सड़क हादसे में उसके पिता की भी मौत हो गई. युवती का आरोप है कि पिता की मौत के बाद उसकी सास और देवर ने उसकी नानी से कहा कि सबिता की कहीं और शादी कर दी जाए, क्योंकि अर्जुन अब उसे अपने साथ नहीं रखेगा.

घर पहुंची तो दूसरी महिला के साथ मिला युवक
काफी कोशिशों के बाद भी जब अर्जुन से संपर्क नहीं हो सका, तो सबिता अपने रिश्तेदारों के साथ मकरी गांव पहुंची. वहां उसने अर्जुन को एक दूसरी महिला के साथ घर में देखा. इसके बाद उसने गांव वालों के सामने न्याय की गुहार लगाई. ग्रामीणों ने भी मामले को गंभीर बताया. इसके बाद सबिता धुरकी थाना पहुंची और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.

युवक बोला- आरोप गलत, जहां जाना है जाए
दूसरी ओर अर्जुन कुशवाहा ने युवती के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उसका कहना है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है और उसे किसी बात का डर नहीं है. युवक ने यह भी कहा, 'आजकल दो-तीन शादी करना आम बात हो गई है. उसे जहां जाना है, जा सकती है.' फिलहाल पूरे मामले की लिखित शिकायत धुरकी थाना में दर्ज कराई गई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी.

-चंदन कुमार कश्यप की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

 


 

    Read more!

    RECOMMENDED