Advertisement

मालिक के लिए तेंदुए से भिड़ गया डॉगी, CCTV में कैद हो गई लड़ाई

महाराष्ट्र के मुरबाड में एक पालतू डॉगी तेंदुए से भिड़ गया. ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. डॉगी ने तेंदुए को जंगल में भागने पर मजबूर कर दिया. हालांकि इस लड़ाई में कुत्ता भी जख्मी हो गया. लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई.

Kalyan A brave dog
मिथिलेश गुप्ता
  • कल्याण,
  • 09 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:27 PM IST

महाराष्ट्र के मुरबाड से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, पूर्व विधायक व MNS नेता राजू पाटील के फार्महाउस में एक तेंदुए और उनके पालतू कुत्ते ‘रॉकी’ के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. शाम करीब 7 बजकर 15 मिनट पर तेंदुए ने कंपाउंड की जाली से छलांग लगाकर रॉकी पर पीछे से हमला कर दिया. लेकिन रॉकी ने भी हार नहीं मानी और तेंदुए पर पलटवार करते हुए उसके गाल और ठुड्डी पर जोरदार काट लिया. रॉकी के इस हमले के बाद तेंदुआ खुद को छुड़ाने के लिए छटपटाने लगा और आखिरकार जंगल की ओर भाग गया.

बहादुर कुत्ते ने तेंदुए को खदेड़ा-
राजू पाटील ने सोशल मीडिया के जरिए इस पूरी घटना की जानकारी साझा की है, उन्होंने रॉकी की बहादुरी की जमकर तारीफ की. उनके मुताबिक रॉकी घर के लोगों के लिए बेहद प्यारा और लाडला है, लेकिन खतरा सामने आने पर वह बेहद आक्रामक और साहसी हो जाता है. राजू पाटील के मुताबिक इससे पहले भी रॉकी कई बार जहरीले सांपों से भिड़ चुका है. एक बार जहरीले सांप के काटने के बाद उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी और उसे खून की उल्टियां तक हुई थीं. उसकी हालत इतनी बिगड़ गई थी कि वह मौत के करीब पहुंच गया था. हालांकि इलाज के बाद रॉकी की जान बच गई.

डॉगी और तेंदुए की लड़ाई-
इस बार उसका सामना सीधे एक तेंदुए से हुआ, शाम करीब 7.15 बजे रॉकी कंपाउंड के पास था. तभी अचानक तेंदुए ने जाली के ऊपर से छलांग लगाई और पीछे से रॉकी पर हमला कर दिया. हमले से संभलते हुए रॉकी ने तुरंत तेंदुए को पकड़ लिया और उसके बाएं गाल और ठुड्डी पर जोरदार काट लिया. रॉकी के हमले से तेंदुआ खुद को छुड़ाने के लिए काफी देर तक संघर्ष करता रहा. जैसे ही रॉकी ने अपनी पकड़ ढीली की, तेंदुआ वहां से भागकर जंगल की तरफ चला गया. इस पूरी झड़प में रॉकी को तेंदुए के पंजों से चोटें आईं, इसके बावजूद वह पीछे नहीं हटा और तेंदुआ किस तरफ गया, इस पर नजर रखता रहा. 

CCTV में कैद लड़ाई-
घटना के बाद फार्महाउस का CCTV फुटेज देखा गया, जिसे देखकर खुद राजू पाटील भी हैरान रह गए. इसके बाद रात में ही डॉक्टर को बुलाकर रॉकी का प्राथमिक उपचार कराया गया. फिलहाल रॉकी सुरक्षित बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मुरबाड वन विभाग को भी दी गई है और वन विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. इस घटना के बाद राजू पाटील ने सिर्फ रॉकी की बहादुरी की बात नहीं की, बल्कि मानव और वन्यजीव संघर्ष का गंभीर मुद्दा भी उठाया.

भोजन-पानी की तलाश में बस्तियों में आने लगे हैं जंगली जानवर-
राजू पाटील ने सवाल उठाया कि जंगलों में लगातार हो रहे बदलाव और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास कम होने के कारण जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में इंसानी बस्तियों की तरफ आने लगे हैं. उन्होंने कहा कि आज रॉकी ने बहादुरी दिखाकर तेंदुए को भगा दिया, लेकिन कल इसी जगह कोई इंसान, महिला या छोटा बच्चा भी हो सकता है। तब इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी ? इस घटना ने एक तरफ रॉकी की बहादुरी की चर्चा हो रही है, तो दूसरी तरफ मुरबाड और आसपास के इलाकों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement