बिहार के कटिहार जिले में एक अनोखी बारात चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां एक दुल्हा अपनी दुल्हनिया को लेने हाथी-घोड़ा और कार पर सवार होकर नहीं बल्कि खुट ट्रैक्टर चलाकर पहुंचा. दूल्हे के साथ एक-दो नहीं, बल्कि करीब दो दर्जन ट्रैक्टरों का काफिला बारात में शामिल था. इस अनोखी बारात को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने मोबाइल में वीडियो और तस्वीरें कैद कर लीं.
बारात में 2 दर्जन ट्रैक्टर थे शामिल
दरअसल, 8 अगस्त को मोरसंडा पंचायत के वार्ड नंबर 12 निवासी मो. महबूब आलम के बेटे दिलशाद आलम उर्फ राजा की शादी मोरसंडा गांव निवासी आबिद आलम की बेटी रौनक प्रवीण से होना तय था. शादी के लिए बारात निकली, बारात में लगभग 2 दर्जन ट्रैक्टर शामिल था. सभी ट्रैक्टर पर बाराती सवार थे. ट्रैक्टर के ट्रॉली में बारातियों और गांव वालों के मनोरंजन की खातिर म्यूजिक सिस्टम भी लगाया गया था. कुछ बाराती पर बाइक पर भी सवार थे. दुल्हा खुद से टैक्टर को चलाता हुआ अपनी दिलवाली दुल्हनिया को लेने बारातियों के संग निकल गया. देसी अंदाज में निकली इस बारात को देखने के लिए गांव के लोग बेताब हो गए. हर कोई इस अनोखे बारात की तस्वीर अपने मोबाइल में लेने लग गया.
किसान परिवार से हैं दिलशाद
दूल्हा पक्ष के मुताबिक दिलशाद किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और ट्रैक्टर उनके परिवार की खेती-किसानी और मेहनत से जुड़ा हुआ है. इसलिए उन्होंने शादी में इसे खास तरीके से शामिल करने का फैसला किया. बताया जाता है कि इस अनोखे बारात और शादी में स्थानीय मुखिया राजू नायक और वार्ड सदस्यों ने भी बारातियों का उत्साह बढ़ाया. दूल्हे के साथ मुखिया भी बारात में जाने के लिए खुद से ट्रैक्टर का स्टीयरिंग थामे रहे. अब इस अनोखी बारात की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.