आज के समय में इंडक्शन पर खाना बनाना काफी आम हो गया है, लेकिन कई लोग अभी भी इसे इस्तेमाल करने में झिझकते हैं. खासकर दाल बनाते समय कुकर की सीटी से निकलने वाला पानी और झाग इंडक्शन को गंदा कर देता है, जिससे लोग परेशान हो जाते हैं. लेकिन एक आसान और स्मार्ट तरीका इस समस्या को पूरी तरह हल कर सकता है. इस हैक की मदद से आप न सिर्फ साफ-सुथरे तरीके से दाल बना पाएंगे, बल्कि कम समय में स्वादिष्ट और पौष्टिक खाना भी तैयार कर सकेंगे.
इंडक्शन पर बेहतर कुकिंग के लिए सही बर्तन का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी होता है. दाल बनाने के लिए हमेशा फ्लैट तली वाले स्टील के कुकर का ही चयन करें. इंडक्शन केवल उन्हीं बर्तनों पर काम करता है जो मैग्नेटिक होते हैं और जिनका बेस पूरी तरह समतल होता है. अगर कुकर का तल गोल या असमान होगा, तो वह ठीक से गर्म नहीं होगा और बिजली की खपत भी बढ़ सकती है.
वॉट सेटिंग का सही इस्तेमाल करें
इंडक्शन ऑन करने के बाद सही वॉट का चुनाव करना भी बेहद अहम है. दाल पकाने के लिए शुरुआत में 700 से 900 वॉट के बीच की सेटिंग सबसे उपयुक्त रहती है. इस तापमान पर दाल धीरे-धीरे और अच्छे से पकती है. अगर ज्यादा वॉट का इस्तेमाल किया जाए, तो दाल जल सकती है या कुकर से पानी बाहर निकलने की संभावना बढ़ जाती है.
कितनी सीटी में तैयार होगी दाल
कुकर का ढक्कन अच्छी तरह बंद करने के बाद दाल को पकने दें. इंडक्शन पर दाल गैस की तुलना में जल्दी पक जाती है. आमतौर पर 2 सीटी में दाल पूरी तरह गलकर तैयार हो जाती है. सीटी आने के बाद इंडक्शन को तुरंत बंद करने के बजाय प्रेशर को खुद निकलने दें, इससे दाल अंदर तक मुलायम और स्वादिष्ट बनती है.
न्यूजपेपर हैक से रखें इंडक्शन साफ
दाल बनाते समय कुकर से निकलने वाला पानी और झाग इंडक्शन के कांच और बटनों में जाकर उसे गंदा या खराब कर सकता है. इससे बचने के लिए एक आसान उपाय अपनाया जा सकता है. कुकर रखने से पहले उसके नीचे एक पुराना अखबार बिछा दें. चूंकि इंडक्शन सीधे गर्म नहीं होता बल्कि चुंबकीय क्षेत्र के जरिए बर्तन को गर्म करता है, इसलिए अखबार जलता नहीं है. अगर सीटी से पानी बाहर भी आता है, तो अखबार उसे सोख लेता है और आपका इंडक्शन साफ-सुथरा बना रहता है.