रसोई में चाकू का तो इस्तेमाल रोजाना सब्जियां, फल और दूसरी चीजें काटने के लिए होता है. लगातार इस्तेमाल करने से चलते कुछ समय बाद चाकू की धार कम हो जाती है. इसके बाद टमाटर जैसी नरम चीज काटने में भी परेशानी होने लगती है. ऐसे चाकू से काम करने के लिए ज्यादा जोर लगाना पड़ता है, जिससे हाथ फिसलने का खतरा भी बढ़ सकता है. ऐसे में हर बार नया चाकू खरीदने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान तरीकों से घर पर ही इसकी धार बेहतर की जा सकती है.
चाकू तेज करने से पहले उसकी धार जांच लें. इसके लिए एक कागज को सीधा पकड़कर चाकू से काटने की कोशिश करें. अगर चाकू आसानी से कागज काट देता है तो धार ठीक हो सकती है. अगर कागज फटने लगे या चाकू बीच में रुक जाए, तो धार कमजोर हो सकती है.
पके टमाटर से भी इसकी जांच की जा सकती है. अगर चाकू बिना ज्यादा दबाव के टमाटर की ऊपरी परत काट देता है तो धार ठीक है. टमाटर दबने या कुचलने लगे तो चाकू को तेज करने की जरूरत है.
अगर चाकू की धार थोड़ी ही खराब हुई है, तो शार्पनिंग स्टील काम आ सकता है. यह चाकू से ज्यादा मेटल नहीं हटाता, बल्कि हल्की मुड़ी हुई धार को सही जगह लाने में मदद करता है. चाकू को स्टील के साथ करीब 20 डिग्री के एंगल पर रखें और ब्लेड को धीरे-धीरे चलाएं. दोनों तरफ कुछ बार ऐसा करें.
अगर चाकू की बहुत कम हो गई है, तो व्हेटस्टोन यानी शार्पनिंग स्टोन इस्तेमाल किया जा सकता है. स्टोन को ऐसी जगह रखें जहां वह फिसले नहीं. चाकू को करीब 20 से 30 डिग्री के एंगल पर रखकर धीरे-धीरे आगे चलाएं. ब्लेड के दोनों तरफ यही प्रोसेस दोहराएं. इससे पुरानी धार हटकर नई धार बनने में मदद मिलती है.
अगर घर में शार्पनिंग टूल नहीं है तो सिरेमिक कप की मदद भी ली जा सकती है. इसके लिए कप को उल्टा रखें और नीचे के खुरदरे हिस्से पर चाकू की धार को सावधानी से चलाएं. इस दौरान जल्दबाजी न करें और चाकू को मजबूती से पकड़ें.
चाकू की धार बचाने के लिए कांच, धातु या बहुत सख्त सतह पर इसका इस्तेमाल न करें. सब्जियां काटने के लिए लकड़ी या प्लास्टिक का कटिंग बोर्ड बेहतर रहता है. इस्तेमाल के बाद चाकू को साफ करके सेफ जगह पर रखें. साथ ही ध्यान रखें की चाकू का ब्लेड किसी दूसरे मेटल के बर्तनों के साथ न टकराए.