गर्मियों में सबसे बड़ी परेशानी सिर्फ गर्मी या लू नहीं होती, बल्कि फ्रिज में रखी सब्जियों का जल्दी खराब हो जाना भी है. रोज बाजार जाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता, इसलिए लोग हफ्ते भर की सब्जियां एक साथ खरीदकर स्टोर कर लेते हैं. लेकिन कुछ ही दिनों में हरा धनिया मुरझा जाता है, हरी मिर्च गलने लगती है और नींबू सूखकर खराब हो जाता है.
लेकिन हम आपके लिए कुछ ऐसे आसान किचन हैक्स लेकर आए हैं जो खासकर गर्मियों में सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रखने में मदद करते हैं.
हरा धनिया कैसे करें स्टोर
गर्मियों में धनिया सबसे जल्दी खराब होने वाली चीजों में से एक है. लेकिन इसे बचाना बेहद आसान है. एक साफ कांच या प्लास्टिक का कंटेनर लें और उसमें थोड़ा पानी भर दें. अब धनिए की जड़ या नीचे का हिस्सा पानी में डुबोकर उसे सीधा खड़ा करके फ्रिज में रख दें, ठीक वैसे ही जैसे फूलों को फूलदान में रखते हैं. इस तरीके से धनिया लगभग 3 से 4 हफ्ते तक ताजा और हरा-भरा रह सकता है.
पानी में रखने से नहीं सूखेगा नींबू
गर्मी में नींबू जल्दी सूखकर कड़ा हो जाता है और उसका रस खत्म होने लगता है. इसके लिए एक कांच के जार में साफ पानी भरें और उसमें नींबू डालकर फ्रिज में रख दें. पानी नींबू के अंदर नमी बनाए रखता है, जिससे वह लंबे समय तक रसीला और ताजा बना रहता है.
टिशू पेपर है हरी मिर्च रखने का सबसे आसान उपाय
अगर हरी मिर्च को खुले में रखा जाए तो वह नमी की वजह से जल्दी खराब हो जाती है. इसके लिए एयरटाइट डिब्बा लें और नीचे टिशू पेपर बिछा दें. फिर हरी मिर्च रखें और ऊपर से भी टिशू पेपर से ढक दें. टिशू पेपर अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे मिर्च 3 से 4 हफ्ते तक कड़क और ताजी बनी रहती है.
हल्का तेल करेगा टमाटर को सील
टमाटर अक्सर स्टेम वाले हिस्से से जल्दी खराब होने लगते हैं, क्योंकि वहीं से बैक्टीरिया अंदर प्रवेश करते हैं. इसे रोकने के लिए टमाटर के डंठल वाले हिस्से पर हल्का सा कुकिंग ऑयल लगा दें. यह एक नेचुरल सील की तरह काम करता है और टमाटर को लंबे समय तक फ्रेश रखता है.
गर्मियों में क्यों जरूरी हैं ये हैक्स?
गर्मी में तापमान ज्यादा होने की वजह से सब्जियों में बैक्टीरिया और नमी तेजी से बढ़ते हैं. यही कारण है कि फ्रिज में रखकर भी सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं. ऐसे में ये छोटे-छोटे घरेलू उपाय न सिर्फ खाना बचाते हैं, बल्कि पैसे की भी बचत करते हैं.
ये भी पढ़ें