घर में एलईडी बल्ब का इस्तेमाल अब लगभग हर जगह होने लगा है. ये बल्ब कम बिजली खर्च करके ज्यादा रोशनी देते हैं और सामान्य बल्बों की तुलना में ज्यादा समय तक चलते भी हैं. यही वजह है कि अधिकतर लोगों ने अपने घरों में पुराने बल्बों की जगह एलईडी लगा लिए हैं.
कई बार लोग एक अजीब समस्या का सामना करते हैं. स्विच बंद करने के बाद भी एलईडी बल्ब हल्का-हल्का चमकता रहता है या उसमें बहुत हल्की रोशनी दिखाई देती है. रात के समय यह चमक और ज्यादा साफ नजर आती है, जिससे लोग समझ नहीं पाते कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. कई लोग इसे बल्ब की खराबी मान लेते हैं, लेकिन अक्सर इसके पीछे कुछ तकनीकी कारण होते हैं जिन्हें आसानी से समझकर ठीक किया जा सकता है.
स्विच और वायरिंग की गड़बड़ी
स्विच बंद होने के बाद भी एलईडी बल्ब का हल्का जलना अक्सर घर की वायरिंग से जुड़ी समस्या की वजह से होता है. कई घरों में स्विच को फेज लाइन की जगह न्यूट्रल लाइन पर जोड़ दिया जाता है. ऐसी स्थिति में स्विच ऑफ करने के बाद भी सर्किट में थोड़ा करंट बना रह सकता है. एलईडी बल्ब बहुत संवेदनशील होते हैं, इसलिए बहुत कम करंट मिलने पर भी उनमें हल्की रोशनी दिखाई देने लगती है.
इसके अलावा अगर स्विच खराब हो, ढीला हो या उसके अंदर कार्बन जमा हो गया हो, तो भी बहुत हल्का करंट लगातार पास होता रहता है. ऐसे में सबसे अच्छा उपाय यह है कि घर की वायरिंग और स्विच की जांच किसी अनुभवी इलेक्ट्रीशियन से करवाई जाए, ताकि फेज और न्यूट्रल की सही कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके.
इंडिकेटर वाले स्विच
कई घरों में इंडिकेटर वाले स्विच लगाए जाते हैं, जिनमें स्विच बंद होने के बाद भी छोटी लाल या हरी लाइट जलती रहती है. यही इंडिकेटर कई बार एलईडी बल्ब तक हल्का करंट पहुंचा देता है. एलईडी तकनीक इतनी सेंसिटिव होती है कि बेहद कम बिजली मिलने पर भी उसमें हल्की चमक दिखने लगती है. इसके अलावा पुराने तार या खराब इंसुलेशन भी लीकेज करंट पैदा कर सकते हैं, जिससे बल्ब पूरी तरह बंद नहीं होता.