Advertisement

बचपन का प्यार, ससुराल से भागी दुल्हन, पति ने मंदिर में कराई प्रेमी से शादी

लखनऊ में एक शादीशुदा महिला ससुराल से गायब हो गई. पति ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस एक्शन में आई. पुलिस ने महिला को खोज निकाला. लेकिन महिला पति के साथ रहने को तैयार नहीं थी. वो अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी. इसके बाद पति ने मंदिर में दोनों की शादी करा दी.

Lucknow unique marriage
अंकित मिश्रा
  • लखनऊ,
  • 11 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:35 PM IST

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक अनोखा मामला सामने आया है. एक शादीशुदा महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद करने लगी तो पति ने दोनों को मिलाने का बीड़ा उठाया. इसके बाद पति ने दोनों मिलाया. इसके साथ ही मंदिर में दोनों की शादी भी करा दी. महिला और उसके प्रेमी का अफेयर स्कूल के दिनों से चल रहा था.

प्रेमी को सौंपा पत्नी का हाथ-
मलिहाबाद थाना क्षेत्र एक पीआरडी जवान विक्की ने अपनी पत्नी के हाथ उसके प्रेमी के हाथों में सौंप दिए. चार दिन पहले प्रेमी संग फरार हुई महिला जब थाने पहुंची, तो उसने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद पति ने जबरदस्ती का रिश्ता निभाने के बजाय खुद खड़े होकर दोनों की शादी करवा दी.

स्कूल के दिनों से था अफेयर-
सोनाली और उसके प्रेमी का अफेयर स्कूल के दिनों से चल रहा था. दोनों साथ पढ़े-बढ़े और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई. परिवारवालों ने करीब एक साल पहले युवती की शादी मलिहाबाद निवासी पीआरडी जवान से कर दी थी. शादी के बाद भी महिला का अपने बचपन के प्यार से संपर्क टूटा नहीं था और दोनों फोन पर लगातार बातचीत करते रहे.

अचानक ससुराल से गायब हो गई महिला-
5 सितंबर को सोनाली अचानक ससुराल से गायब हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा. परेशान होकर पीआरडी जवान ने मलिहाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर तलाश तेज की, तो लोकेशन हरदोई में ट्रेस हुई. बुधवार को पुलिस ने महिला को उसके प्रेमी के साथ हरदोई से बरामद कर लिया.

प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी महिला-
मलिहाबाद थाने में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर घंटों पंचायत चली. परिवार और पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी संग ही जीने-मरने की जिद पर अड़ी रही. उसने दो टूक कह दिया कि वह पति के साथ एक पल भी नहीं रहेगी और प्रेमी के साथ ही अपनी जिंदगी बिताएगी. पत्नी के मुंह से यह बात सुनकर पीआरडी जवान कुछ देर के लिए सन्न रह गया, लेकिन उसने हालात को समझा. 

पति ने प्रेमी के साथ विदा किया-
पति ने कहा कि इसमें कोई जबरदस्ती नहीं है. तुम जिसके साथ खुश हो, उसी के साथ रहो. इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं. स्थानीय मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से प्रेमी जोड़े ने सात फेरे लिए और पीआरडी जवान ने खुद अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement