बिहार में लिट्टी-चोखा बहुत ज्यादा मशहूर है. इसे बिहार के लोग बड़े चाव से खाते भी हैं और दूसरों को खिलाते भी हैं. बारिश के मौसम में लिट्टी-चोखा खाने पर मजा आ जाता है. आप देश के किसी राज्य में हैं या विदेश में हैं, आप घर पर लिट्टी और चोखा को बनाकर खा सकती हैं. हम आज आपको लिट्टी और चोखा बनाने की सबसे आसान विधि बता रहे हैं. आपको मालूम हो कि बिहार की लिट्टी में सत्तू मिला होता है. स्वाद की मुख्य सामग्री सत्तू ही होता है.
लिट्टी बनाने की सामग्री
1. गेंहू का आटा
2. सत्तू
3. प्याज
4. लहसुन
5. हरी मिर्च
6. सरसों का तेल
7. शुद्ध घी
8. अजवाइन
9. नींबू का रस
10. अचार का मसाला
11. नमक
12. काला नमक
चोखा बनाने की सामग्री
1. गोल बड़ा बैंगन
2. आलू
3. टमाटर
4. प्याज
5. हरी मिर्च
6. लहसुन
7. हरी धनिया
8. सरसों का तेल
9. नमक
ऐसे बनाएं लिट्टी
लिट्टी को बनाने के लिए आप सबसे पहले किसी बर्तन में गेंहू का आटा लें. उस आटा में जरा सा शुद्ध घी और थोड़ा नमक मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें. आप चाहें तो इन दोनों चीजों को नहीं भी मिला सकती हैं. इसके बाद आटा को गुनगुने पानी की मदद से गूंथें. आटा गूंथने के बाद इसे आधे घंटे के लिए किसी बर्तन से ढंककर रख दें. अब लिट्टी के लिए मसाला तैयार करना होगा. आप किसी बर्तन में सत्तू लें. उसमें बारिक कटी हरी मिर्च, धनिया, अदरक, नींबू का रस, भुना जीरा, काला नमक, सादा नमक और अचार का मसाला मिला लें. फिर हाथों की मदद से इसे अच्छी तरह से मिक्स कर लें. इसके बाद इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल और पानी डालकर हल्का सा गीला मसाला बना लें.
लिट्टी में भरने के लिए मसाला तैयार हो गया है तो अब लिट्टी के आटे की छोटी गोल लोई बनाएं. इस लोई में एक चम्मच मसाले को भरें. फिर चारों तरफ से दबाकर लिट्टी को बंद कर दें. अंगूठे की मदद से हल्का चपटा कर लें. आप चाहें तो लिट्टी को गोला भी छोड़ सकते हैं. इतना सब करने के बाद अब गोबर से बने सूखे कंडा, लकड़ी या कोयले से आग तैयार करें. इस आग में सारी लिट्टी को सेंक लें. आपको मालूम हो कि आप लिट्टी को माइक्रोवेव या कूकर में भी सेंक सकते हैं.
ऐसे बनाएं चोखा
चोखा बनाने के लिए बैंगन, आलू और टमाटर को आग या गैस पर भून लें. इसके बाद इनका छिलका उतार दें. फिर इन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. इतना सब करने के बाद इसमें बारिक कटी प्याज, बारीक कटी धनिया, नींबू का रस, हरी मिर्च, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह से मिला लें. अब कड़ाही को गर्म करें और तेल डालें. तेल जब गर्म हो जाए तो इसमे बारीक कटा लहसुन डालें. अब इस तड़के को चोखे में मिला दें. अच्छी तरह मिक्स करें. इस तरह से चोखा तैयार है. अब लिट्टी को देसी घी में डुबो दें. ऐसा करने इसका स्वाद और बढ़ जाएगा. इस तरह से लिट्टी और चोखा खाने के लिए तैयार है.