बिहार की लिट्टी और चोखा बेहतरीन स्वाद के लिए दुनिया भर में फेमस है. इस लिट्टी को गोइठा या कोयले की आंच पर सेंका जाता है. यदि आप शहर में रहते हैं और आपके पास गोइठा या कोयला नहीं है तो आप गैस पर प्रेशर कुकर में बिहार जैसी लिट्टी बना सकते हैं. हम आपको कुकर में लिट्टी बनाने की विधि और रेसिपी बता रहे हैं. आपको मालूम हो कि लिट्टी का असली स्वाद उसके सत्तू मसाले और धीमी आंच में छिपा है. कुकर में लिट्टी बनाने के लिए पानी या सीटी की जरूरत नहीं होती, बल्कि इसे ड्राई ही पकाया जाता है.
लिट्टी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. आटा
2. सत्तू
3. सरसों का तेल
4. अजवाइन
5. बारीक कटी प्याज
6. लहसुन
7. अदरक
8. हरी मिर्च
9. नींबू का रस
10. अचार का मसाला
11. नमक
कुकर में ऐसे बनाएं लिट्टी
सबसे पहले आटे में थोड़ा नमक और अजवाइन डालकर आटा गूंथ लें. दूसरी ओर सत्तू में बारीक कटा लहसुन और प्याज, अदरक, हरी मिर्च, नींबू रस, अचार मसाला, नमक और सरसों तेल मिलाकर भरावन तैयार करें. जरूरत हो तो थोड़ा पानी छिड़ककर मिश्रण को नम रखें. अब आटे की लोइयां बनाकर उसमें सत्तू का मिश्रण भरें और गोल आकार दें. कुकर को गैस पर बिना पानी डाले 5 मिनट तक खाली गर्म करें. फिर उसमें एक स्टैंड या जाली रखें और लिट्टियों को सजा दें. कुकर का ढक्कन बंद करें लेकिन सीटी न लगाएं. मध्यम आंच पर 15–20 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में लिट्टियों को पलटते रहें ताकि वे चारों तरफ से समान रूप से सिकें. जब लिट्टी का बाहरी हिस्सा हल्का भूरा और सख्त हो जाए, तो समझिए वह तैयार है.
अंगारे जैसा स्वाद कैसे लाएं
कुकर में सिकी लिट्टी को गैस की सीधी आंच पर हल्का सा घुमा लें. इससे बाहरी परत पर हल्की कालिमा और स्मोकी फ्लेवर आ जाएगा. अंत में गर्म-गर्म लिट्टियों को फोड़कर उस पर देसी घी डालें. घी की खुशबू और सत्तू का मसाला मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं जो पारंपरिक अंगारे वाली लिट्टी की याद दिलाता है.
लिट्टी को चोखा के साथ परोसें
लिट्टी का असली मजा चोखा के बिना अधूरा है. बैंगन और टमाटर को सीधे गैस पर भून लें, फिर उसे उबले आलू के साथ मसलें. इसमें बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, सरसों का तेल, नमक और हरा धनिया मिलाएं. यह चोखा लिट्टी के साथ बेहतरीन तालमेल बनाता है. लिट्टी-चोखा सिर्फ स्वाद ही नहीं, पोषण भी देता है. सत्तू प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, जबकि सरसों का तेल और देसी घी शरीर को ऊर्जा देते हैं. यही कारण है कि यह व्यंजन मजदूरों से लेकर शहरों के फूड लवर्स तक सभी की पसंद बन चुका है.