Zero Oil Mango Pickle: बिना 1 बूंद तेल के पानी में बनाएं आम का अचार, स्वाद एकदम चटपटा, महीनों नहीं होगा खराब, जानें बनाने की विधि 

Mango Pickle Without Oil: किसी भी खाने का स्वाद आम का अचार बढ़ा देता है. आज हम आपको तेल की जगह पानी का इस्तेमाल कर आम का अचार बनाने की विधि बता रहे हैं. बिना एक बूंद तेल के भी आम का अचार चटपटा बनेगा. 

Zero Oil Mango Pickle Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:02 PM IST

Zero Oil Mango Pickle Tips: सरसों तेल, राई और मसालों का इस्तेमाल कर बनाया गया आम का अचार खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है. आम का अचार किसी भी खाने का स्वाद बढ़ा देता है. अधिकांश भारतीय लोग आम का अचार खाना पसंद करते हैं. गर्मी का मौसम शुरू होते ही आम का सीजन भी शुरू हो जाता है. कच्चे आम को पेड़ से तोड़कर या बाजार से खरीदकर आम का अचार हर घर में लगाया जाता है. 

आम का अचार बनाने में सरसों तेल का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन क्या कोई बिना तेल के आम का अचार बना सकता है. आप शायद सोच रहे होंगे नहीं लेकिन आप सही नहीं है. बिना एक बूंद तेल का इस्तेमाल किए आम का स्वादिष्ट अचार बनाया जा सकता है. हम आपको पानी से आम का अचार बनाने की विधि बता रहे हैं. आपको मालूम हो कि आम के अचार को खराब होने से बचाने के लिए सरसों तेल का इस्तेमाल प्रिजर्वेटिव के रूप में किया जाता है. उधर, पानी वाले अचार में सारा खेल राई, नमक और पानी के सही तालमेल का होता है. आम के टुकड़ों को पानी में डूबा दिया जाता है, फिर इस पानी में नमक और राई को डाल दिया जाता है. कुछ दिनों बाद आम और राई की वजह से इस पानी में जो खटास पैदा होती है, वही इस आम के अचार को असली स्वाद और लंबी लाइफ देती है.

पानी वाला आम का अचार बनाने के लिए सामग्री
1. कच्चे आम
2. पानी
3. नमक
4. राई
5. हल्दी पाउडर
6. लाल मिर्च पाउडर
7. हींग

पानी वाला आम का अचार ऐसे बनाएं
पानी वाला आम का अचार बनाने के लिए सबसे पहले पेड़ से तोड़कर या बाजार से खरीदकर कच्चे आम को घर लाएं. इसके बाद इस आम को पानी में अच्छी तरह से धो लें और फिर आम को सुखा लें. अब आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. आप आम से गुठली को निकाल सकते हैं या साथ में रहने भी दे सकते हैं. यह आपके ऊपर है. आम को काटने के बाद अब गैस या चूल्हे को जलाकर उसपर कोई बर्तन चढ़ाकर उसमें पानी को उबालें. पानी जब उबल जाए तो गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने दें. आपको मालूम हो कि बिना खौलाएं पानी का इस्तेमाल करने से आम का अचार जल्दी खराब हो सकता है. अब एक कांच के बड़े बर्तन में आम के टुकड़े को डालें. फिर इसमें दरदरी पिसी राई, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग और नमक डालें. 

अब मसालों वाले आम में ठंडा किया हुआ पानी इतना डालें कि आम के टुकड़े पूरी तरह डूब जाएं. इसके बाद कांच के बर्तन का मूंह किसी सूती कपड़े से बांध दें. फिर इसे दो से तीन दिनों तक धूप में रखें. दिन में एक से दो बार कांच के बर्तन का मूंह खोलकर आम के अचार को सूखे चम्मच से ऊपर-नीचे चलाएं. आपको मालूम हो कि तीन से चार दिनों में राई का पानी खट्टा होने लगेगा और आम के टुकड़े नरम पड़ जाएंगे. इस तरह से आपका बिना तेल के आम का अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा.

अचार को खराब होने से बचाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
पानी वाले आम के अचार को खराब होने से बचाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना होगा. आम का अचार निकालने के लिए सूखे और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें. पानी वाले आम के अचार को हमेशा कांच या चीनी मिट्टी के बर्तन में ही रखें. पानी वाला आम का अचार प्लास्टिक में जल्दी खराब हो जाता है क्योंकि इसमें तेल नहीं होता है. पानी वाले आम के अचार में खटास आने के बाद इसे फ्रिज में रखेंगे तो यह कई महीनों तक फ्रेश रहेगा.

 

Read more!

RECOMMENDED