आपने अक्सर देखा होगा कि लोग घर से बाहर जाते समय अपने पालतू जानवरों को किसी और के भरोसे छोड़ देते हैं या पड़ोसियों से उन्हें खाना खिलाने की गुजारिश करते हैं. लेकिन क्या कभी सोचा है कि सिर्फ बिल्ली को खाना खिलाकर कोई लाखों रुपये कमा सकता है? चीन में एक युवक ने यही कर दिखाया. उसने चाइनीज न्यू ईयर के दौरान कैट-फीडिंग सर्विस देकर करीब 1 लाख 60 हजार युआन (लगभग 20 लाख रुपये) की कमाई कर ली.
शंघाई का रहने वाला है युवक
यह मामला चीन के शंघाई शहर का है. 1991 में जन्मे हुआन कोंग पिछले 9 साल से पेट-केयर इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं. वे डोर-टू-डोर कैट फीडिंग सर्विस देते हैं. यानी जब पालतू जानवरों के मालिक त्योहार या छुट्टियों में घर से बाहर चले जाते हैं, तो हुआन उनकी बिल्लियों की देखभाल करने घर-घर जाते हैं.
करीब 2 हजार घरों में जाकर बिल्लियों को खाना खिलाया
इस साल स्प्रिंग फेस्टिवल के दौरान जब ज्यादातर लोग अपने होमटाउन चले गए, तब हुआन और उनकी चार सदस्यीय टीम ने शंघाई में ही रुककर काम करने का फैसला किया. त्योहार से पहले और बाद के 20 दिनों में उनकी टीम ने करीब 2 हजार घरों में जाकर बिल्लियों को खाना खिलाया. इनमें से लगभग 1 हजार विजिट खुद हुआन ने कीं.
करीब 80% ऑर्डर उन लोगों के थे जो त्योहार मनाने अपने घर गए थे. वहीं 10% ऑर्डर ऐसे लोगों के थे जो ऑफ-पीक समय में घूमने गए थे. कई ग्राहक हर साल नियमित रूप से उनकी सेवा लेते हैं.
रोज 3 बजे से शुरू होता है दिन
त्योहार के दौरान हुआन का दिन सुबह 3 बजे शुरू होता है और रात 10-11 बजे तक चलता है. उन्हें औसतन सिर्फ 3 से 4 घंटे की नींद मिलती है. सबसे व्यस्त दिन में उन्होंने 55 ऑर्डर पूरे किए.
10-15 मिनट में पूरी देखभाल
हर विजिट लगभग 10 से 15 मिनट की होती है. इस दौरान वे लिटर बॉक्स साफ करते हैं, खाने और पानी की व्यवस्था करते हैं, बिल्ली की सेहत चेक करते हैं, खिड़कियां और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण देखते हैं और कचरा भी बाहर निकालते हैं. जरूरत पड़ने पर वे दवा देना या नाखून काटना जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देते हैं.
ये भी पढ़ें: