Unique Wedding in Meerut: शादी हो तो ऐसी... हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेकर लौटा दूल्हा... देखने वालों की जुटी भीड़

मेरठ में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां एक दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से पहुंचा और शादी के बाद उसी से विदा कराकर वापस लौटा. हेलीकॉप्टर को देखने लोगो का तांता लग गया.

Unique Wedding in Meerut
gnttv.com
  • मेरठ ,
  • 02 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:49 AM IST

मेरठ में हुई एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. अपनी शादी पर दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुआ और फिर दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर आया. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

दूल्हे और दुल्हन का जोरदार स्वागत 
दरअसल, थाना खरखौदा क्षेत्र के रहने वाले अनिल त्यागी के बेटे केशव त्यागी की शादी जिला हापुड़ के गांव सिखेड़ा निवासी उदित त्यागी की बेटी मानसी से हुई. गुरुवार शाम को दूल्हा हेलीकॉप्टर से अपने परिवार के साथ बारात को लेकर हापुड़ गया. रात भर वहां शादी की रस्म में हुई. दूल्हा शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लेकर मेरठ के खरखोदा पहुंचा. हेलीकॉप्टर को देखने लोगो का तांता लग गया और हर कोई इस पल को मोबाइल में कैद करने लगा. यहां पहुंचने पर दूल्हे और दुल्हन का जोरदार स्वागत किया गया.

और करा दी गई हेलीकॉप्टर की बुकिंग
बताया जा रहा है कि दूल्हे केशव त्यागी के चाचा हरीश त्यागी ने घरवालों से बात कर दूल्हा बने केशव की दुल्हनिया मनसी त्यागी को हेलीकॉप्टर द्वारा लाने का प्रस्ताव रखा. उनके प्रस्ताव को परिवार के सदस्य टाल नहीं सके. सभी की सहमति बनी तो हेलीकॉप्टर की बुकिंग कर दी गई. सबसे पहले गुरुवार शाम खरखौदा में सत्यवीर त्यागी स्टेडियम पर शाम छह बजे हेलीकॉप्टर पहुंचा . इसमें केशव त्यागी परिवार के साथ अपनी बारात लेकर हापुड़ के सिखेड़ा गांव पहुंचे.

यह पल मेरी जिंदगी का सबसे यादगार पल 
शुक्रवार सुबह सात बजे हेलीकॉप्टर द्वारा केशव त्यागी अपनी दुल्हनिया मनसी त्यागी के साथ वापिस आ गए. क्षेत्रवासियों ने दूल्हे और दुल्हन को शुभकामनाएं और बधाई दी. फूलों की बारिश हुई, ढोल-नगाड़े बजे और परिजनों ने दोनों को आशीर्वाद दिया. इस अवसर पर परिवारजनों के साथ सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे. दूल्हे केशव ने बताया कि हेलीकॉप्टर से दुल्हन लाने का आइडिया उनके चाचा हरीश त्यागी का था. उन्होंने कहा कि यह पल उनकी जिंदगी का सबसे यादगार पल बन गया है. परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे इस शादी को खास बनाना चाहते थे. दूल्हे के परिवार ने हेलीकॉप्टर की बुकिंग कराने के साथ मेरठ जिला प्रशासन से हैलीपेड को लेकर अनुमति ली थी. दूसरी ओर, वधु पक्ष की ओर से जिला हापुड़ प्रशासन से अनुमति ली गई थी.  

(उस्मान चौधरी की रिपोर्ट)

 

Read more!

RECOMMENDED