उत्तर प्रदेश में मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती अपनी सहेली को ससुराल से वापस लाने का दावा करती दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां एक-दूसरे से प्रेम करती थीं और साथ रहने की इच्छा जताती रही हैं. हालांकि, इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दो सहेलियों की प्रेम कहानी-
जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां जानी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं और लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थीं. चर्चा है कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी भी कर ली थी. बाद में जब एक युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले उसकी शादी दिल्ली निवासी युवक से करा दी.
बताया जा रहा है कि इसके बाद दूसरी युवती पुलिस को साथ लेकर दिल्ली स्थित अपनी सहेली की ससुराल पहुंची और उसे अपने साथ वापस ले आई. इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में युवती कहती सुनाई दे रही है कि वह लड़के से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने परिजनों को समझाने की कोशिश भी की थी. लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई. वह यह भी कहती है कि उसे अपने पति या ससुराल पक्ष से कोई शिकायत नहीं है. बल्कि वह अपनी सहेली के साथ रहना चाहती है. वीडियो में युवती तलाक लेने की इच्छा भी जाहिर करती है और कहती है कि वह किसी दबाव में यह बयान नहीं दे रही है.
फैमिली कुछ भी कहने से बच रही-
फिलहाल इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. परिवार के लोग भी सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं. ऐसे में वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: