Advertisement

चलती मालगाड़ी के नीचे फंसा परिवार, ऊपर से गुजर गए 10 डिब्बे, फिर भी बच गई जान

बिहार के एक रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एक परिवार में एक शादी समारोह से लौट रहा था. प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़े इस परिवार को जब पता चला कि उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आ रही है, तो वे शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पार करने लगे. इसी बीच अचानक एक मालगाड़ी चल पड़ी और सभी वहां फंसे रह गए, जिसके कारण सब सी सांसे धमी रह गई.

बिहार का रेलवे स्टेशन
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर ,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

समस्तीपुर जिले के पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी घटना सामने आई, जिसे देखने और सुनने के बाद लोग 'जाको राखे साइयां मार सके न कोय' कहावत को याद कर रहे हैं. यहां एक परिवार के चार लोग, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था, चलती मालगाड़ी के बीच फंस गए. हैरानी की बात यह रही कि मालगाड़ी के करीब 10 डिब्बे उनके ऊपर से गुजर गए, लेकिन सभी की जान बच गई. हालांकि इस दौरान एक महिला को मामूली चोटें भी आईं.

ट्रेन पकड़ने पहुंचे थे परिवार के लोग
जानकारी के मुताबिक, रोसड़ा का एक परिवार वैशाली जिले के जंदाहा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. शादी के बाद परिवार के छह सदस्य ऑटो से समस्तीपुर के पटोरी रेलवे स्टेशन पहुंचे. उन्हें हाजीपुर के रास्ते वापस रोसड़ा लौटना था. परिवार के लोग शुरुआत में प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर मौजूद थे. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि हाजीपुर जाने वाली ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आएगी. इसके बाद सभी लोग जल्दी में प्लेटफॉर्म बदलने के लिए रेलवे ट्रैक पार करने लगे.

अचानक चल पड़ी मालगाड़ी, मच गया हड़कंप
बताया जा रहा है कि छह लोगों में से दो लोग पहले ही प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंच गए थे, जबकि तीन महिलाएं और एक बच्चा पीछे रह गए. तभी अचानक मालगाड़ी तेज रफ्तार से गुजरने लगी. अचानक सामने आई इस स्थिति ने सभी को घबरा दिया. लेकिन इसी मुश्किल वक्त में महिलाओं ने समझदारी दिखाई. उन्होंने बच्चे को मजबूती से पकड़ा और प्लेटफॉर्म की दीवार से चिपककर नीचे झुक गईं. इसी दौरान मालगाड़ी के करीब 10 डिब्बे उनके ऊपर से गुजर गए.

सूझबूझ ने बचाई जान, महिला को आई मामूली चोट
घटना के दौरान मालगाड़ी के डिब्बों में लगे लोहे के हिस्सों से एक महिला को चोट लगने की बात सामने आई है. हालांकि चोट गंभीर नहीं थी. हादसे के बाद घायल लोगों को तुरंत पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में रोसड़ा निवासी सोनाली देवी, जयमाला देवी, ममता देवी और एक बच्चा शामिल हैं. फिलहाल सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोग इसे मां की ममता और सूझबूझ से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे बड़ी लापरवाही बता रहे हैं. हालांकि सबसे राहत की बात यही रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद चार लोगों की जान बच गई.

रेलवे ट्रैक पार करना पड़ सकता है भारी
यह घटना एक बार फिर लोगों को सावधान करने वाली है. रेलवे ट्रैक पार करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इसका यह बड़ा उदाहरण है. थोड़ी सी जल्दबाजी कभी-कभी जिंदगी को जोखिम में डाल सकती है. इसलिए हमेशा फुटओवर ब्रिज या निर्धारित रास्ते का ही इस्तेमाल करना चाहिए.
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement