टमाटर एक ऐसी सब्जी है, जिसका इस्तेमाल हर किचन में होता है. अगर टमाटर के बिना कोई सब्जी बनती है तो उसका स्वाद बिगड़ जाता है. टमाटर वाली सब्जी का स्वाद अलग ही होता है. बरसात के दिनों मार्केट में टमाटर काफी महंगा मिलता है. लेकिन उसके बिना काम भी नहीं चलता है. इससे बचने के लिए आप घर पर टमाटर उगा सकते हैं. टमाटर को बालकनी में भी आसानी से उगाया जा सकता है. चलिए आपको बताते हैं कि गमले में टमाटर कैसे उगाया जा सकता है और उसका सही समय क्या है?
गमले में किस महीने में टमाटर उगा सकते हैं?
टमाटर वैसे तो सालभर उगा सकते हैं. लेकिन जून-जुलाई और अक्टूबर-नवंबर का महीना टमाटर लगाने का सबसे अच्छा समय माना जाता है. इस समय लगाए गए टमाटर की पैदावार भी बहुत अच्छी होती है. जून-जुलाई बरसात का मौसम होता है. ऐसे में टमाटर गमले में आसानी से उगता भी है.
टमाटर उगाने के लिए क्या चाहिए?
अगर बालकनी में टमाटर उगाना चाहते हैं तो सबसे पहले एक पेपर कप लेते हैं. उसके बाद टमाटर के बीज, गमला, मिट्टी, गोबर की खाद और थोड़ी रेत की जरूरत पड़ती है. इन तमाम चीजों की मदद से आसानी से गमले में टमाटर उगाया जा सकता है.
टमाटर के बीच घर पर कैसे करें तैयार?
अगर आप चाहें तो मार्केट से टमाटर के बीज या नर्सरी से छोटे-छोटे पौधे खरीदकर ला सकते हैं. घर पर भी टमाटर के बीज उगा सकते हैं. इसके लिए अच्छी तरह से पका हुआ टमाटर लेना चाहिए. उसके बीज निकालकर कागज के कप में जमा करना चाहिए. इसके बाद पेपर कप्स लें और उसमें मिट्टी भर दें. कप में ऊपर से थोड़ा खाली रहना चाहिए. इसके बाद इसमें टमाटर के बीज डालें. कुछ दिनों बाद टमाटर के बीज अंकुरित होने लगते हैं. जब ये बीज एक इंच लंबे हो जाए तो उसे गमले में लगाएं.
कैसे तैयार करें टमाटर का गमला?
गमले में टमाटर लगाने के लिए सबसे पहले मिट्टी तैयार करना जरूरी होता है. इसके लिए मिट्टी, गोबर और रेत का मिश्रण लेना चाहिए. इसका अनुपात 50, 40 और 10 का होना चाहिए. इसे अच्छी तरह से मिला लें. इसके बाद गमले को खाद से भर दें. इसके बाद टमाटर के पौधों को दूर-दूर लगाना चाहिए. टमाटर वाले गमले को 4-5 घंटे तक रोजाना धूप में रखना चाहिए.
एक बात का ध्यान रखना चाहिए कि जब गमले की मिट्टी सूखने लगे तो उसमें पानी देना जरूरी है. इसके साथ ही समय-समय पर खाद भी देना चाहिए. 55-60 दिनों में पौधों में टमाटर लगने लगते हैं.
ये भी पढ़ें: