Advertisement

तुमने इतने चिकन पीस क्यों लिए? पार्टी कर रहे दोस्तों का चिकन के टुकड़ों पर हुआ झगड़ा, चाकू मारकर ले ली जान

पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसके अपराध कबूल करने की बात सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

चिकन के लिए हत्या
gnttv.com
  • बेलगावी,
  • 31 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:48 AM IST
  • शराब पार्टी में बहस के बाद चाकू से हमला
  • चिकन ज्यादा लिया तो भड़का दोस्त

चिकन के कुछ टुकड़ों के लिए शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि एक दोस्त ने दूसरे की जान ले ली. मामला कर्नाटक के बेलगावी जिले का है, जहां रविवार को दोस्तों ने छुट्टी के दिन साथ बैठकर शराब पीने और चिकन खाने की पार्टी रखी थी. इसी दौरान ज्यादा चिकन पीस लेने को लेकर सीताराम और अरुण कुमार के बीच कहासुनी हो गई. बात इतनी बढ़ी कि अरुण ने कथित तौर पर चाकू से सीताराम की छाती पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसके अपराध कबूल करने की बात सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

तुमने इतने चिकन पीस क्यों लिए?
पुलिस के मुताबिक, बेलगावी जिले के मुदलागी तालुक के हुनाश्याल पीजी गांव में कुछ दोस्त एक साथ रहते थे. रविवार को छुट्टी होने के कारण सभी ने कमरे में शराब पीने और चिकन खाने की पार्टी करने का फैसला किया था. पार्टी के दौरान खाना परोसा गया. इसी बीच अरुण कुमार ने सीताराम के ज्यादा चिकन पीस लेने पर सवाल उठा दिया. बताया जा रहा है कि अरुण ने उससे पूछा कि उसने इतने ज्यादा चिकन के टुकड़े क्यों ले लिए. सीताराम ने इस बात का कोई जवाब नहीं दिया. बस इतनी सी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. चिकन के पीस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और झगड़े में बदल गया. दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और नशे में अरुण ने कथित तौर पर चाकू उठा लिया.

छाती पर चाकू मारा, फिर अस्पताल लेकर पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, गुस्से में अरुण ने सीताराम की छाती पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सीताराम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हमले के बाद आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात छिपाने की कोशिश की. वह सीताराम को अस्पताल लेकर पहुंचा और वहां बताया कि उसे इमारत से गिरने की वजह से चोट लगी है.

जांच में खुला हत्या का राज
पुलिस को मामले में कुछ बातें संदिग्ध लगीं. जांच आगे बढ़ी तो सीताराम की चोटों और घटना की परिस्थितियों में अंतर सामने आया. इसके बाद पुलिस ने अरुण से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी के कथित तौर पर अपराध स्वीकार करने की बात सामने आई. पुलिस ने इसके बाद अरुण को गिरफ्तार कर लिया.

यूपी से बेलगावी आया था सीताराम
बेलगावी SP के. रामराजन के मुताबिक, मृतक सीताराम चंद्रदेव उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के कबीरगंज गांव का रहने वाला था. वह काम की तलाश में बेलगावी आया था और यहां वेल्डिंग का काम करता था. सीताराम अपने 4-5 दोस्तों के साथ एक शेड में रहता था. सभी लोग रोज वेल्डिंग का काम कर अपना गुजारा करते थे. रविवार की छुट्टी पर दोस्तों ने साथ बैठकर शराब और चिकन खाने का प्लान बनाया था, लेकिन खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हत्या में बदल गया.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement