Advertisement

डेटिंग ऐप पर हुआ मैच, एक बीयर पी और सामने आ गया ₹29,884 का बिल, लड़के ने लगाए गंभीर आरोप

हैदराबाद में डेटिंग ऐप के जरिए हुई मुलाकात के बाद एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पब में हजारों रुपये का बिल आने पर ठगी का आरोप लगाया है. इंजीनियर का दावा है कि उसने सिर्फ एक बीयर पी थी, लेकिन पब में उसके नाम पर ₹29,884 का बिल बना दिया गया.

Dating app fraud
अब्दुल बशीर
  • हैदराबाद,
  • 30 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:57 AM IST

डेटिंग ऐप पर किसी से मिलना आजकल आम बात है, लेकिन हैदराबाद में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ डेट का ऐसा अनुभव हुआ कि मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया. एक मुलाकात के बाद जब वह पब से निकलने वाला था, तब उसके सामने ऐसा बिल आया, जिसे देखकर वह हैरान रह गया. इंजीनियर का दावा है कि उसने तो सिर्फ एक बीयर पी थी, फिर आखिर बिल इतना बड़ा कैसे हो गया? चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर चेरुकु हेमंत की 27 सितंबर को Quack Quack डेटिंग ऐप पर 'Divya' नाम की प्रोफाइल से मैचिंग हुई थी. इसके बाद महिला ने उससे मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क किया और अगले दिन जुबली हिल्स के Neeru's Junction के पास मिलने के लिए बुलाया. 28 सितंबर को दोनों की मुलाकात हुई. हेमंत के मुताबिक, इसके बाद महिला ने उसे Road No. 36 स्थित 36 Chemistry Pub चलने के लिए कहा. दोनों पब पहुंचे और वहां खाने-पीने के कई ऑर्डर किए गए.

एक बीयर पीने का दावा, बिल ने चौंकाया
हेमंत का आरोप है कि उसने पब में सिर्फ एक बीयर पी थी. लेकिन जब बिल सामने आया तो उसमें कुल ₹29,884 की रकम थी. इतनी बड़ी रकम देखकर उसने बिल को लेकर पब स्टाफ से सवाल करना शुरू कर दिया. शिकायत में उसने दावा किया कि महिला ने कुछ ऐसे पेय पदार्थ लिए थे, जो उसे नॉन-अल्कोहलिक लग रहे थे, लेकिन उन्हें प्रीमियम अल्कोहलिक ड्रिंक्स के तौर पर बिल में शामिल किया गया.

सवाल करने पर पुलिस को किया फोन
हेमंत के मुताबिक, बिल को लेकर सवाल करने पर पब में मौजूद स्टाफ और बाउंसर्स उसके आसपास जमा हो गए. उसे स्थिति ठीक नहीं लगी तो उसने पुलिस को फोन कर दिया. इसी दौरान महिला के पब से निकलने की बात सामने आई. हेमंत का आरोप है कि महिला ने जाते समय ₹10,000 का भुगतान करने का दावा किया, लेकिन उसने इस ट्रांजैक्शन को फर्जी बताया.

पब और महिला की मिलीभगत का शक
इस घटना के बाद हेमंत ने महिला और पब मैनेजमेंट के बीच मिलीभगत का शक जताया. उसने Divya उर्फ Kavya और 36 Chemistry Pub के मैनेजमेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. महिला और पब मैनेजमेंट की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement