मेहमान रह जाएंगे ऊंगलियां चाटटे, पूछने लगेंगे रेसिपी.. बस इस तरह तैयार करें खास मशरूम करी

हर जगह मशरूम से बनी डिशेज लोगों को खूब पसंद आती है. लेकिन इस डिश का स्वाद न सिर्फ लाजवाब है, बल्कि सही तरीके से पकाया जाए तो घर पर भी होटल जैसी बनती है.

Mushroom Curry Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:32 PM IST

आजकल वेजिटेरियन खाने में मशरूम ने अपनी खास जगह बना ली है. चाहे सड़क किनारे ढाबा हो, कोई रेस्टोरेंट या घर की रसोई, हर जगह मशरूम से बनी डिशेज लोगों को खूब पसंद आ रही हैं. इसका स्वाद न सिर्फ लाजवाब होता है, बल्कि सही तरीके से पकाया जाए तो घर पर भी होटल जैसी रिच और क्रीमी ग्रेवी का मजा लिया जा सकता है. आज हम आपको काजू के पेस्ट से तैयार होने वाली एक खास मशरूम रेसिपी के बारे में बताएंगे, जो स्वाद और टेक्सचर दोनों में शानदार है.

शुरू करें मशरूम को फ्राई करने से
इस रेसिपी की शुरुआत ताजे बटन मशरूम से करें. इन्हें अच्छी तरह पानी से साफ कर लें ताकि कोई गंदगी न रह जाए. इसके बाद मशरूम को आधा काट लें. अब एक कढ़ाई में थोड़ा तेल गर्म करें और मशरूम को हल्का फ्राई कर लें. ऐसा करने से मशरूम का अतिरिक्त पानी निकल जाता है और सब्जी का स्वाद और बेहतर हो जाता है. फ्राई होने के बाद मशरूम को अलग रख दें.

प्याज-टमाटर से बनेगी शानदार ग्रेवी
अब उसी कढ़ाई में थोड़ा तेल डालकर कटे हुए प्याज और टमाटर को अच्छे से भूनें. जब ये नरम और हल्के सुनहरे हो जाएं, तब इन्हें ठंडा करके मिक्सी में पीस लें. इसी के साथ अदरक, लहसुन, जीरा और काली मिर्च का भी अलग से स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. यह बेस आपकी ग्रेवी को गहराई और स्वाद देता है.

मसालों की भुनाई से आएगा जायका
कढ़ाई में दोबारा तेल गर्म करें और उसमें तेज पत्ता और जीरा डालें. इसके बाद तैयार प्याज-टमाटर का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर भूनें. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ मिनट तक पकाएं. अब हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह से भून लें, ताकि कच्चापन खत्म हो जाए और फ्लेवर उभरकर आए.

काजू के पेस्ट से आएगी रिचनेस
जब मसाला पूरी तरह तैयार हो जाए, तब इसमें पहले से फ्राई किए हुए मशरूम डालें और अच्छे से मिलाएं. अब इसमें काजू का पेस्ट डालें, जो इस डिश को खास क्रीमी टेक्सचर और रिच स्वाद देता है. इसे धीमी आंच पर कुछ देर पकने दें ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिक्स हो जाएं.

होटल जैसा फिनिशिंग टच कैसे दें
आखिर में हल्का सा फ्राई किया हुआ प्याज और शिमला मिर्च डालें. साथ ही एक-दो हरी मिर्च काटकर डालें, जिससे स्वाद में हल्की तीखापन आए. ऊपर से थोड़ा गरम मसाला और ताजा हरा धनिया डालकर सजाएं. आपकी स्वादिष्ट होटल-स्टाइल मशरूम करी तैयार है. इसे रोटी, नान या चावल के साथ सर्व करें और घर बैठे रेस्टोरेंट जैसा स्वाद का आनंद लें.

 

Read more!

RECOMMENDED