Advertisement

Pune News: ‘दारू पी है’... महिला पुलिसकर्मी का VIDEO वायरल, रॉन्ग साइड में दौड़ाई कार, पुणे पुलिस ने किया सस्पेंड, FIR भी दर्ज

पुणे में नशे की हालत में सड़क पर रॉन्ग साइड में कार दौड़ाने के कारण महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुणे पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ FIR भी दर्ज किया गया है. 

Female police officer suspended
श्रीकृष्ण पांचाल
  • पुणे,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:49 PM IST

पुणे में एक महिला पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई हुई है. महिला पुलिसकर्मी पर नशे की हालत में कार चलाने और सड़क पर गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाने का आरोप है. मामला सामने आने के बाद पुणे पुलिस ने उसे निलंबित कर दिया है. उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है. इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हो रही है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी पुलिस की वर्दी में नजर आती है. आरोप है कि वह मांजरी इलाके में रॉन्ग साइड कार चला रही थी. वहां मौजूद कुछ वाहन चालकों ने उसे इस तरह गाड़ी चलाते देखा, तो अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

सड़क पर गलत दिशा में चला रही थी कार 
जानकारी के मुताबिक, संबंधित महिला पुलिसकर्मी की उम्र 39 साल है और वह कालेपडल पुलिस स्टेशन में तैनात है. घटना के समय भी उसने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी. आरोप है कि मांजरी इलाके में महिला पुलिसकर्मी सड़क पर गलत दिशा में कार चला रही थी. वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को रॉन्ग साइड में चलते देखा. इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया. सड़क पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने का यह मामला तब और चर्चा में आ गया, जब वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. वीडियो में महिला पुलिसकर्मी से शराब पीने को लेकर सवाल किए जाने की बात भी सामने आई है.

वीडियो में कुछ लोग महिला पुलिसकर्मी से पूछते नजर आते हैं कि क्या उसने शराब पी है. इस सवाल के जवाब में वह मराठी भाषा में शराब पीने की बात स्वीकार करने जैसा जवाब देती दिखाई देती है. हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाली बातचीत के आधार पर घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं होती है. इस मामले में महिला पुलिसकर्मी पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगा है. घटना के दौरान उसकी कार पर नंबर प्लेट नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है. इन बातों के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया.

पुलिस कर रही मामले की जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुणे पुलिस ने मामले में कार्रवाई की. पुलिस उपायुक्त जीवन बेनीवाल ने संबंधित महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने और उसे निलंबित किए जाने की जानकारी दी है.इस कार्रवाई के बाद मामला केवल सड़क पर गलत दिशा में कार चलाने के आरोप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई. फिलहाल पुलिस इस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. 

सूत्रों के मुताबिक, संबंधित महिला पुलिसकर्मी रविवार और सोमवार को ड्यूटी पर मौजूद नहीं थी. इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में भी पड़ताल कर रही है. सूत्रों के अनुसार, इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या घटना से पहले महिला पुलिसकर्मी अपने दोस्तों के साथ पुणे के बंड गार्डन इलाके में पार्टी करने गई थी. हालांकि, इस बारे में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. मामले में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला पुलिसकर्मी ने शराब का सेवन कब और कहां किया था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement