बारिश के मौसम में साग और सब्जियां काफी महंगी हो जाती हैं. कई बार घर में बारिश के मौसम में हरी सब्जी नहीं होती है. यदि आपके घर में हरी सब्जी नहीं है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. यदि घर में प्याज है तो फिर आप प्याज की सब्जी (Pyaj ki Sabji) बना सकती हैं. प्याज की चटपटी सब्जी चंद मिनटों में तैयार हो जाती है. हम आपको प्याज की सब्जी बनाने की विधि बता रहे हैं, तो आप देरी मत कीजिए आज बना ही लीजिए प्याज की सब्जी. घर पर बनी प्याज की सब्जी रेस्टोरेंट और होटल जैसी स्वादिष्ट होगी. इस प्याज की सब्जी को खाने के बाद आपसे हर कई इस सब्जी की रेसिपी जरूर पूछेगा.
प्याज की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
1. प्याज: 5 से 6
2. टमाटर: 4 से 5
3. हरी मिर्च: 4 से 5
4. लहसुन की कलियां: 3 से 4
5. अदरक कटा: 1 टी स्पून
6. जीरा पाउडर: 1/2 टी स्पून
7. धनिया पाउडर: 1 टी स्पून
8. लाल मिर्च पाउडर: 1/2 टी स्पून
9. हल्दी: 1/4 टी स्पून
10. हरी धनिया पत्ती: 2 टेबलस्पून
11. हींग: चुटकी भर
12. कसूरी मेथी: 1/2 टी स्पून
13. गरम मसाला: 1/2 टी स्पून
14. पावभाजी मसाला: 1 टी स्पून
15. राई: आधा चम्मच
16. तेल: 2 से 3 टेबलस्पून
17. नमक: स्वादानुसार
ऐसे बनाएं प्याज की सब्जी
घर पर प्याज की सब्जी बनाने के लिए आपको सबसे पहले प्याज का ऊपरी छिलका को उतारना होगा. इसके बाद प्याज के दोनों ओर थोड़ा-थोड़ा काट लेना होगा. फिर प्याज को चाकू की मदद से ऊपर की ओर से 3 से 4 जगह से हॉफ कट लगाना होगा. इसके बाद चूल्हा या गैस को चालू करें और पर एक कड़ाही को चढ़ाएं. कड़ाही गर्म होने के बाद उसमें तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. तेल के गर्म होने पर उसमें राई डालकर चटकने दें. फिर प्याज डालकर 4 से 5 मिनट तक पकने दें.
कड़ाही को इस दौरान ऊपर से ढक दें. प्याज को बीच-बीच में चलाते रहें. इतना करने के बाद टमाटर के टुकड़े करें और उन्हें मिक्सर में डालकर मिक्स कर लें. फिर हरी मिर्च, लहसुन और अदरक के टुकड़े डालकर ग्राइंड करें और प्यूरी तैयार कर लें. अब टमाटर प्यूरी को एक बर्तन में निकालकर अलग रख लें. प्याज जब कड़ाही में सुनहरा हो जाए तो उसमें तैयार की गई टमाटर की प्यूरी डाल दें और अच्छी तरह से मिला दें. इतना करने के बाद सब्जी में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, पाव भाजी मसाला, कसूरी मेथी और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह से चलाएं. फिर सब्जी में तीन से चार साबुत हरी मिर्च डाल दें. अब सब्जी को ढककर 7 से 8 मिनट तक पकाएं. प्याज जब एकदम नरम हो जाए तो गैस बंद कर दें. इसके बाद सब्जी को हरी धनिया पत्ती से गार्निश करें. इस तरह से प्याज की चटपटी सब्जी खाने के लिए तैयार है.