Advertisement

खाया है आपने राजस्थान की कढ़ी-कचौड़ी? जानें इसे घर पर बनाने का पूरा प्रोसेस

राजस्थान की कढ़ी-कचौड़ी अपने चटपटे और पारंपरिक स्वाद के लिए मशहूर है. अगर आप इसे घर पर बनाना चाहते हैं, तो जानिए कचौड़ी की स्टफिंग, स्वादिष्ट कढ़ी तैयार करने का तरीका और इसे परोसने की खास रेसिपी.

कढ़ी-कचौड़ी रेसिपी
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:21 AM IST

आपको अगर पारंपरिक राजस्थानी स्वाद पसंद है, तो कढ़ी-कचौड़ी एक ऐसी डिश है जिसे आपको एक बार जरूर ट्राई करना चाहिए. राजस्थान के चटपटे खाने का ये संगम दुनियाभर के लोगों को पसंद आता है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार कचौड़ी, जब खट्टी-तीखी राजस्थानी कढ़ी के साथ परोसी जाती है तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. आप चाहे तो इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

कढ़ी-कचौड़ी बनाने का सामान
कचौड़ी के लिए
2 कप मैदा
3 बड़े चम्मच मोयन के लिए तेल या घी
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल

स्टफिंग के लिए
1 कप धुली मूंग दाल (भिगोकर दरदरी पीसी हुई)
1 छोटा चम्मच सौंफ
1 छोटा चम्मच धनिया
आधा छोटा चम्मच जीरा
चुटकीभर हींग
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच हल्दी
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक

कढ़ी के लिए
1 कप दही
2 बड़े चम्मच बेसन
4 कप पानी
1 छोटा चम्मच राई
आधा छोटा चम्मच मेथी दाना
1 सूखी लाल मिर्च
8-10 करी पत्ते
चुटकीभर हींग
आधा छोटा चम्मच हल्दी
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच तेल या घी

सबसे पहले तैयार करें कचौड़ी
मैदा में नमक और मोयन मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंध लें और 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. दूसरी तरफ एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें सौंफ, जीरा, धनिया और हींग का तड़का लगाएं. अब दरदरी पिसी मूंग दाल डालकर हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक मिलाएं. धीमी आंच पर मिश्रण सूखा होने तक भूनें और ठंडा होने दें.

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट कढ़ी
एक बर्तन में दही और बेसन को अच्छी तरह फेंट लें. इसमें पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें. अब कड़ाई में तेल गर्म करें और राई, मेथी दाना, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और हींग का तड़का लगाएं. हल्दी डालने के बाद तैयार घोल डाल दें. लगातार चलाते हुए उबाल आने दें और फिर 20-25 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. आखिर में स्वादानुसार नमक मिला दें.

कचौड़ी तलने का तरीका
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उनमें तैयार दाल की स्टफिंग भरें और हल्के हाथों से बेल लें. अब इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से कचौड़ी अंदर से अच्छी तरह नहीं पकती, इसलिए आंच का खास ध्यान रखें.

ऐसे करें सर्व
गरमा-गरम कचौड़ियों को एक प्लेट में रखें और ऊपर से गर्म राजस्थानी कढ़ी डालकर परोसें. चाहें तो साथ में हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी या तली हुई हरी मिर्च भी सर्व कर सकते हैं. यह पारंपरिक राजस्थानी डिश वीकेंड लंच, त्योहार या किसी खास मौके के लिए बेहतरीन ऑप्शन है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement