दक्षिण भारत अपने खान-पान के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है, और जब बात हैदराबाद की हो तो यहां का स्वाद और भी खास हो जाता है. मुगलई परंपरा और दक्षिण भारतीय मसालों के अनोखे मेल ने हैदराबाद के खाने को एक अलग पहचान दी है. इन्हीं प्रसिद्ध डिश में से एक है हैदराबादी आलू बोंडा, जो बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम, मसालेदार आलू के मिश्रण से तैयार किया जाता है. यह लोकप्रिय स्ट्रीट फूड खासतौर पर शाम की चाय के साथ बेहद पसंद किया जाता है और हैदराबाद की गलियों की रौनक बढ़ाने वाला स्नैक माना जाता है.
हैदराबाद, जो कभी निज़ामों की रियासत और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, हमेशा से व्यस्त और जीवंत शहर रहा है. यहां की तेज़ रफ्तार जिंदगी में ऐसे स्नैक्स की जरूरत होती थी जो जल्दी बन जाएं, स्वाद से भरपूर हों और तुरंत भूख मिटा दें. अलू बोंडा इसी जरूरत का स्वादिष्ट समाधान है. चाहे सड़क किनारे लगी चाय की दुकान हो या किसी व्यस्त बाजार का चौराहा, गरमागरम अलू बोंडा की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच ही लेती है. यह सिर्फ एक नाश्ता नहीं बल्कि हैदराबादी मेहमाननवाजी और स्थानीय स्वाद की पहचान भी है.
हैदराबादी अलू बोंडा के लिए जरूरी सामान
इस स्वादिष्ट स्नैक को बनाने के लिए सामग्री का सही संतुलन बहुत जरूरी होता है. इसकी स्टफिंग के लिए 4–5 मीडियम आकार के उबले आलू, 2 बड़े चम्मच तेल, आधा छोटा चम्मच जीरा, सरसों के बीज और थोड़ी सी अजवाइन ली जाती है. इसके साथ बारीक कटा हरा धनिया, 2–3 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच कसा हुआ अदरक, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, थोड़ा धनिया पाउडर और गरम मसाला, एक चुटकी हींग, 8–10 करी पत्ते, 1 छोटा चम्मच नींबू का रस या आमचूर पाउडर और स्वादानुसार नमक की जरूरत होती है.
बोंडा की बाहरी परत के लिए 1 कप बेसन, 2 बड़े चम्मच चावल का आटा, चौथाई छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, थोड़ा लाल मिर्च पाउडर, एक चुटकी बेकिंग सोडा और नमक लिया जाता है. तलने के लिए तेल भी आवश्यक होता है.
इस तरह तैयार करें मसालेदार आलू बोंडा
सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, सरसों, अजवाइन और हींग डालकर तड़कने दें. इसके बाद करी पत्ते, हरी मिर्च और अदरक डालकर हल्का सा भूनें. अब इसमें हल्दी पाउडर, मैश किए हुए आलू, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. इस मिश्रण को 2–3 मिनट तक पकाएं ताकि सभी मसाले अच्छी तरह मिल जाएं. आखिर में हरा धनिया और नींबू का रस मिलाकर मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर इसके छोटे-छोटे गोल लड्डू बना लें.
दूसरी तरफ एक बर्तन में बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें. यह घोल इतना होना चाहिए कि आलू के लड्डू उस पर अच्छी तरह लिपट जाएं. अब कड़ाही में तेल गर्म करें, आलू के गोले को बैटर में डुबोकर मध्यम आंच पर तेल में डालें और सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें. तैयार बोंडा को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
चटनी और चाय के साथ बढ़ेगा स्वाद
गरमागरम हैदराबादी अलू बोंडा को हरी चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसा जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. खासतौर पर एक कप मसाला चाय के साथ यह स्नैक बेहद लाजवाब लगता है. हैदराबाद की गलियों में मिलने वाला यह कुरकुरा स्नैक केवल एक स्ट्रीट फूड नहीं बल्कि शहर की संस्कृति, परंपरा और स्वाद की झलक भी पेश करता है.