मध्य प्रदेश के रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक आइसक्रीम ठेले पर हुई एनडीपीएस की कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है. निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर साहू समाज और स्थानीय व्यापारी सिविल लाइन थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी और भाजपा नेता के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
ठेले पर एक्शन पर बवाल-
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के सामने संचालित संगम आइसक्रीम ठेले से जुड़ा है. इस ठेले पर सिविल लाइन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की थी. ठेला संचालक धीरू साहू के परिजनों और व्यापारियों का आरोप है कि यह कार्रवाई रंजिशन कराई गई.
रात में बंद ठेले पर की गई कार्रवाई-
उनका कहना है कि रात के समय बंद ठेले की छत पर कथित तौर पर कोरेक्स सिरप की शीशियां रखकर पुलिस को सूचना दी गई. आरोप है कि ठेले के ताले बंद होने के बावजूद पुलिस ने छत पर रखी पन्नी और छतरी के ऊपर से नशीली कफ सिरप की शीशियां बरामद कर कार्रवाई कर दी.
निष्पक्ष जांच की मांग-
इसी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर साहू समाज के युवा जिला अध्यक्ष एवं भाजपा नेता बंसीलाल साहू के नेतृत्व में समाज के लोग और स्थानीय व्यापारी सिविल लाइन थाने पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी विजय सिंह और बंसीलाल साहू के बीच जमकर बहस हुई.
नोकझोंक का वीडियो वायरल
दोनों के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें: