Advertisement

सोशल मीडिया पर सगाई की पोस्ट देख चुनता था शिकार, आवाज बदलकर कहता था- जीजाजी, मैं आपकी साली बोल रही हूं.. और फिर कर देता साइबर फ्रॉड

शातिर ठग पहले सोशल मीडिया पर लोगों की प्रोफाइल खंगालता था. सगाई और शादी की बधाई वाली पोस्ट देखकर वह अपना शिकार चुनता, फिर किसी तरह मोबाइल नंबर हासिल कर लड़की की आवाज में कॉल करता.

online cheating case
gnttv.com
  • सवाई माधोपुर ,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:27 AM IST
  • मोबाइल नंबर जुटाकर लड़की की आवाज में कॉल करता
  • Engagement पोस्ट से ढूंढता था शिकार

सोशल मीडिया पर डाली गई सगाई और बधाई की पोस्ट अब सिर्फ खुशी साझा करने का जरिया नहीं रह गई हैं, बल्कि साइबर ठगों के लिए नया हथियार बनती जा रही हैं. सवाई माधोपुर में पुलिस ने ऐसे ही एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लोगों की प्रोफाइल खंगालकर रिश्तेदारों की जानकारी जुटाता था. इसके बाद लड़की की आवाज में फोन कर खुद को 'साली' बताता और मीठी-मीठी बातों में फंसाकर लोगों से ठगी करता था.

कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को बारां जिले से गिरफ्तार किया है. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है.

1930 हेल्पलाइन पर मिली थीं शिकायतें
कोतवाली थानाधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया कि 2 अप्रैल को एसपी ऑफिस से कुछ संदिग्ध म्यूल अकाउंट्स की लिस्ट मिली थी. आशंका थी कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा है. पुलिस ने जब खातों की जांच शुरू की तो साइबर हेल्पलाइन 1930 पर ठगी की कुल 10 शिकायतें दर्ज मिलीं. इन शिकायतों के आधार पर 27 अप्रैल को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

पहले एक आरोपी पकड़ा, फिर खुला पूरा खेल
जांच के दौरान पुलिस ने पहले नरेंद्र सैनी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह का दूसरा सदस्य गणेश उर्फ दिलखुश फरार चल रहा है. आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को पता चला कि गणेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों की सगाई और शादी से जुड़ी पोस्टों को खास तौर पर निशाना बनाता था.

वह पोस्टों से परिवार और रिश्तेदारों की जानकारी निकालता, फिर मोबाइल नंबर जुटाकर लड़की की आवाज में कॉल करता था. आरोपी फोन पर कहता- 'जीजाजी, मैं आपकी साली बोल रही हूं...' इसके बाद वह भरोसा जीतकर लोगों को झांसे में लेता और साइबर ठगी को अंजाम देता था.

बारां से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार तलाश के बाद आरोपी गणेश उर्फ दिलखुश (24) पुत्र मोरपाल निवासी कुश्तला को बारां जिले से गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं.

यह कार्रवाई एसपी ज्यैष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में, एएसपी विजय सिंह मीणा और सीओ सिटी उदय सिंह मीना के सुपरविजन में कोतवाली थाना पुलिस ने की.

-सुनील जोशी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement