सावन का महीना चल रहा है और इस दौरान व्रत का खास महत्व होता है. ऐसे में हर बार कुछ नया और टेस्टी खाने का मन करना एक आम बात है. अगर आप भी व्रत में कुछ अलग
ट्राय करना चाहते हैं, तो दही कबाब एक अच्छी रेसिपी है.
दही कबाब बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट होते हैं. इन्हें बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. कुछ आसान चीजों से आप इन्हें घर पर बना सकते हैं. चलिए आपको दही कबाब बनाने की सिंपल रेसिपी बताते हैं.
दही कबाब बनाने के लिए सबसे पहले गाढ़ा दही चाहिए होगा. ध्यान रखें कि दही में पानी नहीं होना चाहिए. इसके लिए दही को एक कपड़े में बांधकर कुछ घंटे के लिए लटका सकते हैं. इससे उसका एक्स्ट्रा पानी निकल जाएगा.
व्रत के लिए आप इसमें सिंघाड़े का आटा या कुट्टू का आटा, उबला आलू, हरी मिर्च और थोड़ा सेंधा नमक डाल सकते हैं. स्वाद के लिए हरा धनिया और जरूरत के हिसाब से जीरा भी मिलाया जा सकता है. व्रत में केवल उन्ही मसालों का इस्तेमाल करें, जिन्हें आप खाते हैं.
मिक्सचर तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बाउल में गाढ़ा दही लें. इसमें उबला और मैश किया हुआ आलू डालें. अब इसमें सिंघाड़े या कुट्टू का आटा मिलाएं.
इसके बाद हरी मिर्च, हरा धनिया और सेंधा नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें. ध्यान रखें कि मिक्सचर बहुत पतला नहीं होना चाहिए. अगर यह चिपचिपा लगे, तो थोड़ा और आटा मिला सकते हैं.
कबाब बनाने के लिए पहले हाथों पर थोड़ा तेल या घी लगाएं. अब मिक्सचर का थोड़ा हिस्सा लें. इसे गोल करके हल्का-हल्का दबाएं. इसी तरह सभी कबाब को तैयार कर लें.
अब एक पैन को गैस पर गर्म करें. इसमें थोड़ा घी या तेल डालें. कबाब को स्लो या मीडियम आंच पर रखें. कबाब को दोनों तरफ से गोल्डन और क्रिस्पी होने तक सेंकें.
जब कबाब क्रिस्पी हो जाएं, तो उन्हें एक प्लेट में निकाल लें. आप इन्हें दही या व्रत वाली हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं. साथ ही गार्निश के लिए ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालें.
सावन में अगर आपको हर बार वही फलाहार खाकर बोरियत हो रही है, तो यह दही कबाब जरूर ट्राय करने चाहिए. यह टेस्टी तो होते ही हैं. साथ ही घर पर आसानी के साथ बन भी जाते हैं.