गर्मियों और बरसात के मौसम में घर, बालकनी, बगीचे और गमलों के आसपास बिच्छू दिखाई देना आम बात है. अचानक किसी अंधेरे कोने में बिच्छू नजर आ जाए तो लोग घबरा जाते हैं और उसे मारने या हाथ से हटाने की कोशिश करने लगते हैं. लेकिन ऐसा करना खतरनाक हो सकता है. बिच्छू तभी हमला करता है जब उसे खुद पर खतरा महसूस होता है. ऐसे में घबराने की बजाय कुछ आसान और सुरक्षित उपाय अपनाकर उसे बिना नुकसान पहुंचाए घर से दूर किया जा सकता है. चलिए जानते हैं कैसे...
अगर घर या बालकनी में बिच्छू दिखाई दे, तो सबसे पहले उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें. उसे हाथ से पकड़ने या छूने की कोशिश बिल्कुल न करें. उसे हटाने के लिए लंबे चिमटे का इस्तेमाल करें. अगर चिमटा उपलब्ध न हो, तो उसके ऊपर कांच का जार या प्लास्टिक का डिब्बा उल्टा रख दें. इसके बाद नीचे से एक मोटा कागज या कार्डबोर्ड सरकाकर डिब्बे को बंद करें और बिच्छू को घर से दूर किसी सुरक्षित जगह छोड़ दें.
पेपरमिंट ऑयल का करें इस्तेमाल
बिच्छू को तेज गंध पसंद नहीं होती. खासकर पुदीने यानी पेपरमिंट की खुशबू उन्हें दूर रखने में मदद करती है. इसके लिए एक स्प्रे बोतल में पानी भरें और उसमें 10 से 15 बूंद पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल मिलाएं. इस मिश्रण का छिड़काव बालकनी, गमलों के आसपास, दरवाजों और खिड़कियों के पास करें. इसकी गंध से बिच्छू उस जगह से दूर रहने लगते हैं.
लैवेंडर और दालचीनी भी हैं असरदार
पेपरमिंट की तरह लैवेंडर और दालचीनी की खुशबू भी प्राकृतिक रिपेलेंट का काम करती है. अगर आपके घर के आसपास अक्सर बिच्छू दिखाई देते हैं, तो बालकनी या गार्डन में लैवेंडर के पौधे लगा सकते हैं. वहीं दरवाजों और खिड़कियों के किनारों पर दालचीनी पाउडर छिड़कने से भी बिच्छू घर के अंदर आने से बचते हैं.
UV लाइट से आसानी से खोजें बिच्छू
बिच्छू आमतौर पर अंधेरी, ठंडी और नमी वाली जगहों पर छिपते हैं. जैसे पुराने सामान के नीचे, जूतों के रैक में या सूखे पत्तों के ढेर में. बिच्छू का बाहरी शरीर पराबैंगनी यानी UV लाइट में चमकने लगता है. इसलिए रात के समय UV टॉर्च या ब्लैक लाइट की मदद से उन्हें आसानी से देखा जा सकता है. इससे समय रहते सावधानी बरती जा सकती है.
घर की दरारें बंद रखें
बिच्छू उन जगहों पर ज्यादा आते हैं जहां उन्हें छिपने की जगह और खाने के लिए कीड़े-मकोड़े मिलते हैं. इसलिए घर की दीवारों और दरवाजों के आसपास की दरारों को अच्छी तरह सील करें. दरवाजों के नीचे डोर स्वीप लगाएं और समय-समय पर पेस्ट कंट्रोल कराते रहें. जब घर में कीड़े कम होंगे, तो बिच्छू के आने की संभावना भी काफी घट जाएगी.
ये भी पढ़ें: