Advertisement

सड़क पर आधे किलोमीटर तक बिखरे मिले 500-200 के नोट, एक ईमानदार शख्स ने बुला ली पुलिस..अब मालिक को ढूंढ रही पुलिस

पुलिस ने बरामद रकम को मालखाने में जमा कर दिया है और अब असली मालिक की तलाश शुरू कर दी गई है. मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

हाईवे पर बिखरे 500-500 के नोट (Photo: Representational)
gnttv.com
  • मेरठ,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:16 PM IST

मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब राहगीरों ने सड़क पर दूर-दूर तक 500-500 रुपये के नोट बिखरे देखे. शहर कोतवाली क्षेत्र के काबडौत पुल के पास यह नजारा देखकर लोग हैरान रह गए. कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, क्योंकि लोग नोटों को देखने के लिए रुकने लगे. हालांकि, सतर्कता दिखाते हुए एक राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 500 मीटर तक सड़क पर नोट बिखरे हुए थे. पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया और सावधानीपूर्वक नोटों को इकट्ठा करना शुरू किया. इस दौरान पुलिस ने पूरी पारदर्शिता के साथ एक-एक नोट और गड्डी को सुरक्षित किया, ताकि कोई गड़बड़ी न हो.

गिनती में निकले 4 लाख रुपये, गड्डियों पर मिले बैंक स्लिप
सभी नोटों को इकट्ठा कर कोतवाली लाया गया, जहां उनकी गिनती की गई. कुल रकम करीब चार लाख रुपये निकली. खास बात यह रही कि कई गड्डियों पर बैंक की पर्चियां और नाम भी लगे हुए मिले. इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह रकम हाल ही में किसी बैंक से निकाली गई थी और संभवतः किसी वाहन से गिर गई.

सीसीटीवी फुटेज से मालिक की तलाश शुरू
पुलिस ने बरामद रकम को मालखाने में जमा कर दिया है और अब असली मालिक की तलाश शुरू कर दी गई है. मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह रकम किस वाहन से और किन परिस्थितियों में सड़क पर गिरी.

एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि अभी तक जिले में इतनी बड़ी रकम गुम होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. बैंक से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि खाताधारक की पहचान हो सके. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के रुपये खोए हैं, तो वह आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण के साथ कोतवाली पहुंचे. जांच में पुष्टि होने के बाद नियमानुसार रकम असली मालिक को सौंप दी जाएगी.

-शरद मलिक की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement