Advertisement

रील बनाने के लिए ब्रिज के पिलर पर चढ़कर कर रहा था स्टंट...बैलेंस बिगड़ा और गिरा धड़ाम...नीचे खड़ा था ऑटो रिक्शा तब बच पाई जान

जानकारी के अनुसार,मूल रूप से बिहार का रहने वाला और हाल में कडोदरा में नौकरी करने वाला 21 वर्षीय मोनू अपने एक मित्र के साथ ओलपाड के कीम रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि दोनों युवक ब्रिज के पिलर के ऊपर चढ़ गए थे.

Surat Youth Falls
संजय सिंह राठौर
  • सूरत,
  • 09 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:40 AM IST
  • रील बनाने के चक्कर में रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरा युवक
  • ब्रिज के नीचे खड़े ऑटो रिक्शा पर गिरने से बची जान

सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए युवा अक्सर खतरनाक स्टंट और जोखिम भरे वीडियो बनाने से भी पीछे नहीं हटते. कई बार कुछ सेकंड की रील के लिए उठाया गया जोखिम जानलेवा साबित हो सकता है. गुजरात के सूरत में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां रेलवे ओवरब्रिज पर स्टंट करने के दौरान एक 21 वर्षीय युवक करीब 40 फीट नीचे जा गिरा. हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक ब्रिज से नीचे सड़क किनारे खड़ी ऑटो रिक्शा पर गिरता दिखाई दे रहा है. गनीमत रही कि रिक्शा पर गिरने के कारण उसकी जान बच गई.

ब्रिज के पिलर पर चढ़कर कर रहा था स्टंट
मामला सूरत जिले के ओलपाड इलाके के कीम रेलवे ओवरब्रिज का है. जानकारी के मुताबिक बिहार का रहने वाला और कडोदरा में नौकरी करने वाला 21 वर्षीय मोनू अपने दोस्त के साथ ब्रिज पर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि दोनों युवक रेलवे ओवरब्रिज के पिलर पर चढ़ गए थे. इसी दौरान मोनू ने सामने वाले पिलर की तरफ फ्लिप करने और स्टंट करने की कोशिश की. दोनों पिलरों के बीच लोहे का गैप था. युवक इसी गैप के बीच से नीचे उतरने या कूदने का प्रयास कर रहा था. तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जा गिरा.

40 फीट नीचे रिक्शा पर गिरा, बाल-बाल बचा
सीसीटीवी फुटेज में युवक ब्रिज से गिरता हुआ दिखाई दे रहा है. नीचे सड़क किनारे दो ऑटो रिक्शा खड़ी थीं. युवक उनमें से एक रिक्शा के ऊपर जा गिरा. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े. रिक्शा पर गिरने की वजह से युवक की जान बच गई, हालांकि ऑटो रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई. युवक को भी मामूली चोटें आईं. अगर वह सीधे सड़क या जमीन पर गिरता तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था.

पुलिस के बयान में सामने आई अलग कहानी
कीम पुलिस थाने की पुलिस इंस्पेक्टर किरनबा जाडेजा ने आजतक को फोन पर बताया कि युवक स्टंट करने के दौरान ओवरब्रिज से नीचे गिरा था. हालांकि पुलिस को दिए अपने बयान में मोनू ने अलग वजह बताई है. मोनू के मुताबिक वह रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने की जल्दी में था और समय बचाने के लिए ओवरब्रिज के नीचे से शॉर्टकट रास्ता अपनाने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement