त्योहार का मौसम चल रहा है. त्योहारों के मौसम में लोगों को लुभाने के लिए दुकानदार कई तरह की स्कीम, गिफ्ट और कूपंस देकर ग्राहकों को आकर्षित करते हैं. चंडीगढ़ की सेक्टर 22 की मार्केट ने कूपन और गिफ्ट के साथ लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश देने के लिए भी जागरूक किया है.
अभी-अभी नवरात्रि खत्म हुई है. करवा चौथ, धनतेरस और दीपावली आने वाली है. त्योहारों के इस मौसम में जहां मार्केट की रौनक बढ़ जाती है वहीं पर भीड़भाड़ और लोगों की संख्या बढ़ने से गंदगी भी मार्केट में होने लगती है.
स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना मकसद
स्वच्छता और गंदगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सेक्टर 22 की मार्केट में लोगों को कूपंस दिए जा रहे हैं. साथ ही ये शर्त भी लगाई गई है कि ये कूपन तभी उपयोग में आएंगे जब ग्राहक स्वच्छता को लेकर कूपन में कोई संदेश लिखेंगे. मकसद सिर्फ इतना है कि लोग गंदगी ना फैलाएं और कूड़ा कचरा कहीं भी न फेंके.
संदेश छोटा लेकिन गहरा
सेक्टर 22 मार्केट के प्रधान विशु दुग्गल ने गुड न्यूज़ टुडे से खास बातचीत में बताया कि देश के प्रधानमंत्री, केंद्र की सरकार और राज्य सरकार स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, ऐसे में मार्केट की तरफ से उनकी ये छोटी सी कोशिश है ताकि लोग स्वच्छता को लेकर जागरूक हो सकें. इस बारे में जब आम लोगों से बात की गई तो लोगों ने भी मार्केट द्वारा उठाई इस पहल की खूब सराहना की और कहा कि भले ही ये संदेश छोटा है लेकिन गहरा है.