अगर आपको लगता है कि सेलिब्रिटी फैन सिर्फ ऑटोग्राफ, टी-शर्ट या कॉन्सर्ट टिकट संभालकर रखते हैं, तो जरा रुकिए. टेलर स्विफ्ट के कुछ फैंस ने तो दीवानगी की सारी हदें पार कर दी हैं. अब उनकी शादी के वेन्यू के आसपास से उठाया गया 'कचरा' भी हजारों रुपये में बिक रहा है और लोग उसे खरीद भी रहे हैं. टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्सी की शादी के बाद न्यूयॉर्क के एक आर्टिस्ट और बिजनेसमैन जस्टिन गिग्नैक ने ऐसा बिजनेस शुरू किया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है.
सिगरेट से लेकर ओव्यूलेशन टेस्ट किट तक बिक रहा
जस्टिन का दावा है कि उन्होंने शादी वाले इलाके के आसपास से अलग-अलग चीजें इकट्ठा कीं. इनमें सिगरेट के बचे हुए टुकड़े, बोतल के ढक्कन, स्ट्रॉ, प्लास्टिक के चम्मच, चेतावनी वाली टेप, एयरपॉड, रेनबो फैन, रिंग पॉप और यहां तक कि ओव्यूलेशन टेस्ट किट भी शामिल है. इन सभी चीजों को उन्होंने एक खास नाम दिया- NYC Pocket Garbage: Not Invited Edition (Taylor & Travis' Wedding).
2,300 तक की कीमत... लेकिन मिलेगा क्या?
सबसे दिलचस्प बात ये है कि ग्राहक अपनी पसंद की चीज नहीं चुन सकते. हर ऑर्डर एक मिस्ट्री पैक है. यानी पैसे दीजिए और जो निकले, वही आपकी यादगार. एक पैकेट की कीमत 25 डॉलर (करीब 2,300) तक रखी गई है.
मार्केटिंग भी ऐसी कि लोग मुस्कुरा दें
प्रोडक्ट की डिटेल में जस्टिन ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अगर आपको शादी का न्योता नहीं मिला, तो यह कलेक्शन उस शादी के सबसे करीब पहुंचने का मौका है. उन्होंने यह भी लिखा कि अगर किसी को किसी खास चीज की उम्मीद है, तो उसके लिए 'टेलीपैथी' की जरूरत पड़ेगी, क्योंकि पैकेट में क्या मिलेगा, यह पहले से तय नहीं है.
कचरा नहीं, फैंस के लिए इमोशन है
सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर कोई कचरा क्यों खरीदेगा? लेकिन सेलिब्रिटी फैन कल्चर में जवाब सीधा है जितनी ज्यादा एक्सक्लूसिव चीज, उतनी ज्यादा उसकी कीमत. जब किसी सामान को किसी बड़े स्टार से जोड़ दिया जाता है, तो वह आम सामान नहीं रह जाती. कई फैंस के लिए वह एक दुर्लभ यादगार बन जाती है, चाहे वह सिगरेट का टुकड़ा ही क्यों न हो.
ये भी पढ़ें: