Advertisement

चोरी के इल्जाम में पकड़ा गया...कुछ देर ही थाने रहा फिर वहां से भी भाग निकला चोर, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

भोपाल में पुलिस थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठा क्योंकि जिस आरोपी को पुलिस ने चोरी के आरोप में पकड़ा था, वही आरोपी रविवार तड़के कमला नगर थाने की बैरक से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.

थाने के अंदर से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हुआ फरार (Photo: Representational)
रवीश पाल सिंह
  • भोपाल ,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 5:08 PM IST

भोपाल में पुलिस थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए, जब चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी पुलिस की निगरानी से ही फरार हो गया. मामला कमला नगर थाने का है. रविवार तड़के आरोपी अभय राजपूत बैरक से पुलिस को चकमा देकर निकल गया. उसके फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. करीब 6 घंटे तक तलाश चलती रही और आखिरकार क्राइम ब्रांच ने उसे पुराने भोपाल के इतवारा इलाके से पकड़ लिया.

थाने से आरोपी के भागते ही शुरू हुई तलाश
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही कमला नगर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम और डीसीपी जोन-1 प्रभारी अखिल पटेल ने क्राइम ब्रांच की टीम को भी आरोपी की तलाश में लगाया.

पुलिस की कई टीमें भोपाल के अलग-अलग इलाकों में पहुंचीं. आरोपी के संभावित ठिकानों के साथ उसके आने-जाने के रास्तों की भी जानकारी जुटाई गई. पुलिस को अंदेशा था कि वह शहर में ही किसी परिचित या संभावित ठिकाने पर छिपा हो सकता है.

इतवारा में मिला सुराग घेराबंदी कर पकड़ा
करीब 6 घंटे की तलाश के बाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि अभय राजपूत इतवारा इलाके में मौजूद है. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे कमला नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को दोपहर में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

विदिशा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभय राजपूत, पिता धर्मेंद्र राजपूत के रूप में हुई है. वह मूल रूप से विदिशा का रहने वाला है और फिलहाल भोपाल के कोटरा इलाके में रह रहा था.अभय को पुलिस ने चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था. इसके बाद उसे कमला नगर थाने की बैरक में रखा गया था, लेकिन रविवार सुबह वह पुलिस की निगरानी से निकल गया.

स्टाफ कम था, इसी दौरान भागा आरोपी
कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक, रविवार सुबह थाने में स्टाफ कम था. इसी दौरान आरोपी बैरक से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी बैरक से बाहर कैसे निकला. बैरक का ताला किसने खोला, वह कैसे खुला और आरोपी को थाने से बाहर निकलने का मौका कैसे मिला..इन सभी सवालों की जांच की जा रही है.

आरोपी पकड़ा गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल बाकी
पुलिस ने भले ही 6 घंटे के भीतर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर जिस व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया था, वह थाने की बैरक से बाहर निकलकर सड़क तक कैसे पहुंच गया? अब जांच के बाद ही साफ होगा कि आरोपी ने खुद कोई रास्ता निकाला था या पुलिस की लापरवाही के कारण उसे भागने का मौका मिला. फिलहाल अभय दोबारा सलाखों के पीछे पहुंच चुका है, लेकिन थाने की निगरानी व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के जवाब पुलिस को तलाशने होंगे.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement