तेलंगाना में करीमनगर से ताल्लुक रखने वाली 43 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अन्नमराज सरिता ने हाल ही में नेपाल से माउंट एवरेस्ट के साउथ बेस कैंप तक पहुंचने के अपने सपने को पूरा किया है. सरिता फिलहाल अमेरिका में रहती हैं. वह समुद्र तल से 5,364 मीटर (17,598 फीट) की ऊंचाई पर पहुंची.
सरिता को बचपन से ही ट्रेकिंग का शौक रहा है. बताया जा रहा है कि उन्होंने 8 अप्रैल को अपनी चढ़ाई शुरू की और 19 अप्रैल को बेस कैंप पहुंची. पहाड़ पर चढ़ने के बाद, सरिता अपने दोस्तों आइता मंजुला और दचवरम पदम के साथ समय बिताने के लिए अपने होमटाउन करीमनगर पहुंची.
MNC में करती हैं काम
सरिता और उनके पति अन्नम राज वेंकटेश्वर राव वर्तमान में कैलिफ़ोर्निया में रहते हैं, जहां वह मल्टीनेशनल फाइनेंस सर्विस कंपनी वेल्स फ़ार्गो एंड कंपनी के लिए काम करती हैं. सरिता इससे पहले भी ट्रेकिंग कर चुकी हैं. उन्होंने इससे पहले पेरू में पांच दिनों के भीतर माचू-पिच्चू की ट्रेकिंग की.
उनका कहना है कि उनका जुनून पहाड़ों पर चढ़ना है. अपने जीवन में संतुष्टि के लिए, वह एक लक्ष्य निर्धारित करती हैं और इसे हासिल करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करती हैं.