घर को साफ-सुथरा रखना अपने आप में एक चुनौती है. आप चाहे जितनी भी मेहनत कर लें, कुछ ही दिनों में धूल-मिट्टी और दाग-धब्बे दोबारा दिखने लगते हैं. खासतौर पर जब बात घर के शीशों की आती है तो खिड़कियां, दरवाजे, अलमारी या बाथरूम के शीशे, इन्हें साफ करना और लंबे समय तक चमकदार बनाए रखना और भी मुश्किल हो जाता है.
कई बार बार-बार सफाई करने के बाद भी शीशों पर धब्बे, लकीरें या पानी के निशान रह जाते हैं. अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो नीचे बताए गए आसान लेकिन बेहद असरदार उपाय आपकी मदद कर सकते हैं.
सिरका और पानी से पाएं नैचुरल चमक
शीशों की सफाई के लिए सफेद सिरका एक बेहतरीन घरेलू क्लीनर है. बराबर मात्रा में सिरका और पानी मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. इस घोल को शीशे पर छिड़कें और माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछें. सिरके में मौजूद एसिड जिद्दी दाग-धब्बों और ग्रीस को आसानी से हटाने में मदद करता है और शीशे को नैचुरल चमक देता ह.
अखबार का पुराना लेकिन कारगर तरीका
अगर आप चाहते हैं कि शीशे पर पोंछने के बाद भी कोई लकीर न दिखे, तो कपड़े या पेपर टॉवल की जगह पुराने अखबार का इस्तेमाल करें. अखबार से पोंछने पर शीशे ज्यादा चमकदार नजर आते हैं और धब्बों की समस्या भी नहीं होती. यह तरीका खासतौर पर खिड़कियों और बड़े शीशों के लिए बहुत कारगर है.
जिद्दी दागों के लिए बेकिंग सोडा
पुराने और सख्त दागों के लिए बेकिंग सोडा सबसे अच्छा उपाय माना जाता है. थोड़ा सा बेकिंग सोडा लें और उसमें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को दाग पर लगाएं और कुछ देर बाद हल्के हाथ से रगड़कर साफ करें. इससे बिना शीशे को नुकसान पहुंचाए दाग हट जाते हैं.
गर्म पानी और डिशवॉश लिक्विड का असर
एक बाल्टी गुनगुने पानी में कुछ बूंदें डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं. इस घोल से शीशे को साफ करें और बाद में सूखे कपड़े या अखबार से पोंछ लें. यह तरीका रोजमर्रा की सफाई के लिए बेहद उपयोगी है.
सही समय और सही फिनिश जरूरी
शीशों को हमेशा सुबह या शाम के समय साफ करें, क्योंकि तेज धूप में क्लीनर जल्दी सूख जाता है और निशान छोड़ देता है. सफाई के बाद एक सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से अंतिम पोंछा जरूर लगाएं, ताकि शीशे बिल्कुल साफ और चमकदार दिखें.