गर्मी के मौसम में बाजारों में आम की मिठास छा जाती है. बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई इस रसीले फल का स्वाद चखना चाहता है. लोग आम खरीदते समय अक्सर उसका रंग, आकार और खुशबू देखकर फैसला कर लेते हैं, लेकिन कई बार यही जल्दबाजी नुकसान का कारण बन जाती है. बाहर से चमकदार और ताजा दिखने वाला आम अंदर से खराब भी हो सकता है. ऐसे में सही आम की पहचान करना बेहद जरूरी हो जाता है ताकि फल लंबे समय तक ताजा बना रहे और स्वाद भी बरकरार रहे.
बहुत से लोग आम खरीदते समय उसकी सतह पर बने छोटे-छोटे दबाव के निशानों को नजरअंदाज कर देते हैं. यही छोटी गलती बाद में पूरे फल को खराब कर सकती है. दरअसल, जब आम तोड़ते समय, पैकिंग के दौरान या ट्रांसपोर्ट में दब जाता है, तो उसकी सतह पर हल्के डेंट बन जाते हैं. इन हिस्सों में गूदा कमजोर हो जाता है और सड़न जल्दी शुरू हो जाती है. धीरे-धीरे यह खराबी पूरे आम में फैलने लगती है.
आम की सतह को गौर से देखें
अच्छा और ताजा आम चुनने के लिए सबसे पहले उसकी सतह को गौर से देखें. अगर कहीं काला धब्बा, कट या दबाव का निशान दिखाई दे, तो ऐसे आम खरीदने से बचें. कई बार ऊपर से छोटा निशान दिखता है, लेकिन अंदर से पूरा हिस्सा खराब हो चुका होता है.
इसके अलावा बहुत ज्यादा नरम आम भी नहीं खरीदने चाहिए. हल्का नरम आम इस बात का संकेत होता है कि वह खाने के लिए तैयार है, लेकिन अगर आम हाथ लगाते ही ज्यादा दबने लगे, तो समझ लें कि वह जरूरत से ज्यादा पक चुका है या अंदर से खराब हो सकता है.
हल्के हाथ से करें आम की जांच
आम की पक्कापन जांचने के लिए उसे बहुत जोर से दबाना नहीं चाहिए. ऐसा करने से फल को नुकसान पहुंच सकता है. हमेशा हल्के हाथ से दबाकर देखें. अगर आम थोड़ा सा दबता है, तो वह सही माना जाता है. साथ ही आम का आकार भी सामान्य और सतह स्मूद होनी चाहिए. ज्यादा झुर्रीदार, टेढ़े-मेढ़े या सिकुड़े हुए आम कई बार अंदर से अच्छे नहीं निकलते. इसलिए हमेशा साफ, चमकदार और समान आकार वाले आम ही चुनें.
अगर थोड़ी सावधानी बरतें, तो आम लंबे समय तक ताजे और टेस्टी बने रह सकते हैं. सही आम चुनना सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि पैसे बचाने के लिए भी जरूरी है. अगली बार बाजार जाएं तो केवल रंग देखकर नहीं, बल्कि आम की पूरी स्थिति जांचकर ही खरीदारी करें.