गर्मी का मौसम आते ही घर में पंखा, कूलर या AC सब कुछ चलने लगता है लेकिन जैसे ही बिजली कटती है, वही घर कुछ ही मिनटों में भट्टी जैसा लगने लगता है. जो घर ठंडा था उसी में बैठना मुश्किल लगने लगता है. दिल्ली एनसीआर में तो बिजली कम जाती है लेकिन कई शहर ऐसे हैं जहां गर्मी में भी बिजली जमकर कटती है. ऐसे में हर कोई यही सोचता है कि बिना बिजली के आखिर घर को ठंडा कैसे रखा जाए?
आप चाहें तो बिना AC के भी अपने घर को काफी हद तक ठंडा रख सकते हैं.
1. खिड़की-दरवाजे सही समय पर खोलें-बंद करें
दिन में तेज धूप के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, ताकि गर्म हवा अंदर न आए. शाम ढलने के बाद जैसे ही बाहर का तापमान कम हो, तुरंत खिड़कियां खोल दें. इससे ठंडी हवा अंदर आएगी और घर का तापमान धीरे-धीरे कम होगा.
2. गीले पर्दे या चादर का जुगाड़
पुराना लेकिन बेहद असरदार तरीका है. जब बिजली गुल हो खिड़कियों पर गीली चादर या पर्दा टांग दें. जब हवा इस गीले कपड़े से होकर गुजरती है, तो वह ठंडी हो जाती है और कमरे में ठंडक फैलती है.
3. फर्श पर पानी का पोछा लगाएं
गर्मी में सूखा फर्श जल्दी गर्म हो जाता है. ऐसे में दिन में 2-3 बार ठंडे पानी से पोछा लगाने से घर का तापमान कम रहता है. खासकर सोने से पहले पोछा लगाने से रात में ठंडक का एहसास मिलता है.
4. मिट्टी के घड़े और बर्तन का इस्तेमाल
मिट्टी के घड़े का पानी सिर्फ पीने के लिए ही नहीं, बल्कि ठंडक बनाए रखने में भी मदद करता है. कमरे में घड़ा रखने या मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करने से आसपास का वातावरण थोड़ा ठंडा बना रहता है. यह एक नैचुरल कूलिंग सिस्टम की तरह काम करता है.
5. छत और दीवारों को ठंडा रखें
घर की छत दिनभर धूप खाकर बहुत गर्म हो जाती है, जिसका असर पूरे घर पर पड़ता है. ऐसे में शाम को छत पर पानी डालना या गीले बोरे/चटाई बिछाना काफी फायदेमंद होता है. इससे गर्मी कम होती है और अंदर का तापमान भी गिरता है.
6. किचन हीट को कंट्रोल करें
गर्मी में सबसे ज्यादा तापमान किचन से फैलता है. कोशिश करें कि दोपहर में कम कुकिंग करें या सुबह या शाम खाना बना लें. गैस कम चलेगी तो घर का तापमान भी कम रहेगा.