आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी के पास किचन में ज्यादा समय बिताने का टाइम नहीं होता. सुबह की जल्दी हो या ऑफिस से लौटने के बाद की थकान, ऐसे में आटा गूंथना और रोटियां बेलना कई लोगों के लिए मुश्किल काम बन जाता है. खासकर जो लोग कुकिंग में नए होते हैं, उनके लिए गोल और मुलायम रोटी बनाना किसी चुनौती से कम नहीं होता. लेकिन अब एक ऐसी आसान और स्मार्ट ट्रिक सामने आई है, जो आपके इस झंझट को पूरी तरह खत्म कर सकती है.
यह अनोखा तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो कम समय में खाना बनाना चाहते हैं. इसमें आपको आटा गूंथने की जरूरत नहीं पड़ती. बस गेहूं के आटे का एक स्मूद घोल तैयार करना होता है. इस घोल को तवे पर डालकर आसानी से रोटी बनाई जा सकती है. यही कारण है कि इसे 'नो नीड और नो रोल' तकनीक कहा जा रहा है.
किस तरह तैयार करें घोल
इस रेसिपी के लिए सबसे पहले एक बाउल में एक कप गेहूं का आटा लें. इसमें थोड़ा सा बेसन मिलाने से रोटी का स्वाद और टेक्सचर बेहतर हो जाता है. स्वादानुसार नमक डालें और चाहें तो एक चम्मच तेल भी मिला सकते हैं, जिससे रोटी और नरम बनेगी. अब धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए एक ऐसा घोल तैयार करें, जो ना ज्यादा पतला हो और ना बहुत गाढ़ा. ध्यान रखें कि घोल पूरी तरह स्मूद और बिना गांठ वाला हो.
घोल तैयार होने के बाद उसे तुरंत इस्तेमाल न करें. उसे 10 से 15 मिनट तक ढककर रखें. इस दौरान आटा पानी को अच्छे से सोख लेता है, जिससे घोल और बेहतर बनता है. बाद में इसे दोबारा मिलाने पर यह और ज्यादा लचीला हो जाता है.
कैसे तवे पर तैयार होगी 'गोल रोटी'
अब मीडियम आंच पर तवा गर्म करें. तवा बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए, वरना रोटी ऊपर से जल्दी पक जाएगी और अंदर से कच्ची रह सकती है. एक कलछी की मदद से घोल को तवे पर डालें और गोल घुमाते हुए फैलाएं. जब ऊपर की सतह सूखने लगे और किनारे हल्के उठने लगें, तब इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी हल्का सुनहरा होने तक पकाएं.
फूली हुई नरम रोटी का राज
जब रोटी दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए, तो उसे सीधे गैस की आंच पर सेकें. आप देखेंगे कि रोटी गुब्बारे की तरह फूलने लगेगी. यही स्टेप इसे खास बनाता है. इस तरीके से बनी रोटियां लंबे समय तक नरम रहती हैं और स्वाद में बिल्कुल बेली हुई रोटी जैसी लगती हैं.