आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बदलती लाइफस्टाइल का असर सिर्फ हमारी सेहत ही नहीं बल्कि बालों पर भी साफ दिखाई देता है. अनियमित खान-पान और बाजार में मिलने वाले केमिकल वाले हेयर प्रोडक्ट्स का लगातार इस्तेमाल बालों को कमजोर बना सकता है. महंगे प्रोडक्ट्स कुछ समय के लिए बालों को चमकदार जरूर बनाते हैं, लेकिन लंबे समय तक उपयोग करने पर बालों की नेचुरल चमक कम हो सकती है और बाल अंदर से कमजोर होने लगते हैं. ऐसे में बालों की सेहत बनाए रखने के लिए नेचुरल और आयुर्वेदिक उपाय अपनाना बेहतर है.
अगर आप बालों के झड़ने या धीमी हेयर ग्रोथ से परेशान हैं तो घर में मौजूद कुछ प्राकृतिक चीजों की मदद से एक असरदार हेयर ग्रोथ टॉनिक तैयार किया जा सकता है. इसमें नीम, गुड़हल और करी पत्ता जैसी आयुर्वेदिक पत्तियां बालों की जड़ों को पोषण देने में मदद करती हैं. इन पत्तियों के गुणों से तैयार यह टॉनिक बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और स्कैल्प को भी स्वस्थ रखने में सहायक हो सकता है.
हेयर टॉनिक बनाने के सामान
इस नेचुरल हेयर टॉनिक को बनाने के लिए 1 कटोरी ताजी नीम की पत्तियां, 1 कटोरी गुड़हल की पत्तियां, 1 कटोरी करी पत्ते, 2 से 3 चम्मच मेथी दाना और लगभग 2 गिलास पानी की आवश्यकता होगी. ये सभी चीजें आसानी से घर में उपलब्ध हो जाती हैं और बालों के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती हैं.
हेयर टॉनिक बनाने की आसान विधि
नीम, गुड़हल और करी पत्तों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उन पर लगी धूल और गंदगी हट जाए. इसके बाद एक गहरे पैन में दो गिलास पानी डालें और उसमें ये सभी पत्तियां डाल दें. अब इसमें मेथी दाना भी मिला दें. इस मिश्रण को धीमी आंच पर लगभग 20 मिनट तक उबालें, जब तक पानी आधा न रह जाए और पत्तियों का अर्क पानी में अच्छी तरह मिल न जाए. जब पानी का रंग गहरा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे छानकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. आपका घरेलू आयुर्वेदिक हेयर टॉनिक तैयार है.
हेयर टॉनिक इस्तेमाल करने का तरीका
इस टॉनिक का इस्तेमाल रात को सोने से पहले करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. सबसे पहले बालों को पार्ट करके स्कैल्प पर इस टॉनिक को अच्छी तरह स्प्रे करें. इसके बाद हल्के हाथों से लगभग दो मिनट तक स्कैल्प की मसाज करें ताकि टॉनिक जड़ों तक पहुंच सके. इसे रात भर बालों में लगा रहने दें और सुबह सामान्य पानी या माइल्ड शैंपू से बाल धो लें. ऐसा करने से आपके बालों की ग्रोथ फौरन होने लगेगी.